home page

जरांगे पाटिल ने फोड़ा शिंदे पर 500 करोड़ का बम, भाजपा ने मांगा सबूत

 | 

मुंबई, 20 अक्टूबर (हि.स.)। मराठा आरक्षण आंदोलक मनोज जरांगे पाटिल ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर 500 करोड़ रुपये का बम फोड़ा है। उन्होंने दावा किया है कि शिंदे ने भाजपा को बताया है कि उन्होंने मुझे 500 करोड़ रुपये दिए थे। उनके इस दावे के बाद राज्य की राजनीति में हलचल में मच गई है। अब इस मामले में भाजपा की तरफ से प्रतिक्रिया आई है। मंत्री गिरीश महाजन ने कहा है कि जरांगे पाटिल के दावों में कोई दम नहीं और इसे कोई भी पचा नहीं पाएगा। उनकी बातों में सच्चाई है तो उन्हें सबूत देने चाहिए।

महाजन ने कहा कि जरांगे के आरोपों की वजह से हमारे बीच कोई झगड़ा या मतभेद नहीं होगा। हम सब ठीक हैं। जरांगे पाटिल को ऐसे बयान नहीं देने चाहिए। उनका काम अपने समुदाय को आरक्षण दिलाना है, उन्हें वही करना चाहिए। ऐसे बयान देकर वह हमारी दोनों पार्टियों के बीच मतभेद पैदा करेंगे, लेकिन इससे कुछ नहीं होगा। जरांगे पाटिल के पास जो भी सबूत हैं, उन्हें पेश करना चाहिए। उनके पास कोई सबूत नहीं है। उनके बयान का कोई मतलब नहीं है। एकनाथ शिंदे इस बारे में खुलासा करेंगे। उन्होंने कहा कि इस बात का कोई सबूत नहीं है।

बीड के नारायण गढ़ पर मंगलवार को आयोजित दशहरा सम्मेलन में जरांगे पाटिल ने उपमुख्यमंत्री शिंदे पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शिंदे ने दिल्ली के भाजपा नेताओं से झूठ बोला कि मुझे श्रीकांत शिंदे के मार्फत 500 करोड़ रुपए दिए थे। मैं पूछता हूं कि कब दिए और कहां गए? उन्होंने शिंदे से आज या कल शाम तक स्पष्ट जवाब देने की मांग की है। जरांगे पाटिल ने कहा कि दो-ढाई साल पहले एक बड़ा षड्यंत्र रचा गया था, जिसकी जानकारी अब सामने आई है। शिंदे ने भाजपा से क्या कहा? क्या उन्होंने मेरे लिए 500 करोड़ रुपये दिए? यदि यह सच नहीं है, तो सवाल उठता है कि भाजपा आपको खत्म कर रही है या आप मुझे खत्म कर रही है। मैं इसका पर्दाफाश किए बिना शांत नहीं रहूंगा। उन्होंने कहा कि यदि मराठा समाज ठान ले तो एक दिन में ढाई हजार करोड़ रुपये जुटाए जा सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार