ईरान-इजराइल युद्धः मुंबई से 125 उड़ानें रद्द
मुंबई, 01 मार्च (हि.स.)। ईरान और इजराइल के बीच जंग भीषण रूप ले चुकी है। इसका असर भारत–मध्य पूर्व देशों के हवाई सेवाओं पर पड़ा है और कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं। हालात को देखते हुए एयरलाइंस और एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी और ऑपरेशन अपडेट जारी किए हैं। एहतियातन मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रविवार को 125 विमानों की उड़ाने रद्द कर दी गई, जिसकी वजह से हजारों यात्री प्रभावित हुए हैं।
मिडल ईस्ट व खाड़ी देशों में बढ़ते संघर्ष का असर पड़ने लगा है। मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रविवार कुल 125 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इसके बाद भी देर रात तक कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें कैंसिल हुईं। मुंबई से रात के समय विदेशी गंतव्यों के लिए ज्यादा विमान संचालित होते हैं। इसके अलावा कई विमानों के रूट बदले गए, कुछ को डायवर्ट किया गया और कुछ को पूरी तरह रद्द करना पड़ा है।
एयरस्पेस में रुकावटों के कारण 14 युवा भारतीय आइसस्टॉक खिलाड़ियों को जर्मनी की यात्रा रोकनी पड़ी है। वे यूरोपियन चैंपियनशिप में हिस्सा लेने का मौके से चूक गए हैं। 13 से 20 साल की उम्र की इस टीम को 3 से 7 मार्च तक जर्मनी के इंज़ेल में होने वाली यूरोपियन यूथ चैंपियनशिप में भारत को रिप्रेजेंट करने के लिए चुना गया था। दो साल की ट्रेनिंग और क्वालिफाइंग राउंड के बाद खिलाड़ी रविवार सुबह देश के अलग-अलग हिस्सों से मुंबई पहुंचे थे। लेकिन उनकी फ्लाइट कैंसिल हो गई। एयरलाइन की ओर से बताया गया कि 5 तारीख से पहले रीशेड्यूल करना मुमकिन नहीं है. अब इन खिलाड़ियों को गर वापस लौटने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। रविवार को मुंबई एयरपोर्ट पर उड़ाने रद्द होने से सैकड़ों दूसरे यात्री भी फंस गए। इसका असर प्रवासी मजदूरों और तीर्थयात्रियों पर सबसे ज़्यादा पड़ा है।
विदेशों में कई भारतीय फंस गए हैं. लोकप्रिय बंगाली अभिनेत्री सुभाश्री गांगुली और उनका बेटा भी दुबई में फंसे हुए हैं। दुबई में फंसी अभिनेत्री सोनल चौहान ने पीएम मोदी से मदद की अपील की है। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु भी कथित तौर पर दुबई एयरपोर्ट पर फंसी हुई हैं। तमिल सिनेमा के सुपरस्टार अजित कुमार यूएई में फंस गए हैं।
पहले से ही पाकिस्तान का एयरस्पेस बंद होने के कारण भारत से यूरोप जाने वाली उड़ानों को लंबा रास्ता अपनाना पड़ रहा था। आम तौर पर विमान भारत - अरब सागर-→ ईरान- तुर्की- यूरोप या फिर भारत- अरब सागर - खाड़ी देश (बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब, यूएई) - तुर्की/रूस - यूरोप के जरिए उड़ान भरते थे। अब ईरान के एयरस्पेस से जुड़ी नई दिक्कतों के चलते एयरलाइंस को वैकल्पिक मार्ग चुनने पड़ेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

