इंटर्न डॉक्टरों ने दी राज्यव्यापी हड़ताल की चेतावनी
मुंबई, 22 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन को चेतावनी दी है। गुरुवार को राज्य के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में शांति पूर्ण आंदोलन किया गया । 1 नवंबर 2026 तक सरकार से संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो 2 नवंबर से पूरे राज्य में हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है। इससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
इंटर्न डॉक्टरों की संस्था अस्मी का कहना है कि इंटर्न डॉक्टरों को हर महीने सिर्फ 18 हजार रुपये स्टाइपेंड मिलता है। जबकि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ में इंटर्न को हर महीने 25 हजार रुपये मिलते हैं। जम्मू-कश्मीर में यह राशि 30 हजार रुपये है। संस्था के सचिव डॉ. रमण पवार के अनुसार झारखंड और कश्मीर जैसे छोटे राज्य भी महाराष्ट्र से ज्यादा स्टाइपेंड देते हैं। महंगाई बढ़ रही है। रहने, खाने और आने-जाने का खर्च भी बढ़ा है। अस्पतालों में मरीजों की देखभाल की बड़ी जिम्मेदारी उन पर होती है। ऐसे में 18 हजार रुपये बहुत कम पड़ते हैं।
महाराष्ट्र में करीब 8 हजार एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टर हैं। अस्मी के मुताबिक अगस्त से अक्टूबर 2026 के बीच मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, वित्त मंत्री और मेडिकल शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ समेत कई अधिकारियों को 23 बार निवेदन और पत्र दिए जा चुके हैं। अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है। स्टाइपेंड 18 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपये किया जाना चाहिए। साथ ही हर साल 3 प्रतिशत बढ़ोतरी की जाए। सरकार तय समय के साथ लिखित भरोसा दे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

