बिजली बकायेदारों का होगा ब्याज और लेट फीस माफ
मुंबई, 08 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र की प्रमुख बिजली प्रदाता कंपनी महावितरण ने दिवाली के मौके पर बिजली बिल बकायेदारों को राहत दी है। अभय योजना के तहत बिजली बिल बकाए पर पूरा ब्याज और लेट फीस शत-प्रतिशत माफ कर दी जाएगी। यदि मूल बकाया एकमुश्त चुकाया जाता है तो 20 प्रतिशत तक की अतिरिक्त छूट मिल सकती है।
ग्राहकों को बकाए की समस्या को सुलझाने के लिए महावितरण ने अभय योजना शुरू की है। बिजली बिल का बकाया बढ़ने से कई उपभोक्ताओं की बिजली सप्लाई हमेशा के लिए या कुछ समय के लिए काट दी गई है। यह योजना घरेलू, कमर्शियल, इंडस्ट्रियल और दूसरे नॉन-एग्रीकल्चरल ग्राहकों के लिए है। पात्र ग्राहकों को बकाया बिजली बिल पर पूरे इंटरेस्ट और लेट फीस से शत-प्रतिशत छूट मिलेगी। यदि मूल बकाया एक साथ चुकाया जाता है तो अतिरिक्त छूट भी मिल सकती है।
ग्राहक महावितरण के ऑफिशियल ऑनलाइन पोर्टल या मोबाइल ऐप के ज़रिए आवेदन कर सकते हैं। महावितरण के डेटा के अनुसार 34.86 लाख उपभोक्ताओं की बिजली सप्लाई स्थाई रूप से कट गई है. उन पर करीब 7,650 करोड़ रुपये का बकाया है। इसमें 1,835 हाई वोल्टेज और 34,84,513 लो वोल्टेज ग्राहक हैं। इस बकाया में से करीब 2,092 करोड़ रुपये का इंटरेस्ट और लेट फीस माफ होने की उम्मीद है। इसके अलावा 31 दिसंबर 2025 तक जिन 2,60,829 उपभोक्ताओं की बिजली सप्लाई कुछ समय के लिए काटी गई है, उन पर 488.78 करोड़ रुपये का बकाया है। इन ग्राहकों के बकाए पर 163.93 करोड़ रुपये का ब्याज माफ किया जाएगा।
ग्राहकों के लिए 'अर्ली बर्ड रिबेट' का प्रावधान किया गया है। योजना शुरू होने से 15 दिसंबर तक अगर ग्राहक मूल बकाए का एकमुश्त भुगतान करते हैं तो उन्हें एक्स्ट्रा डिस्काउंट मिलेगा। इसी तरह लो वोल्टेज डोमेस्टिक और कमर्शियल ग्राहकों का बिजली कनेक्शन 3 साल तक के लिए काटा गया है तो 10 प्रतिशत और 3 साल से ज्यादा समय के लिए काटा गया है तो 20 फीसदी डिस्काउंट मिलेगा। दूसरे लो वोल्टेज और हाई वोल्टेज ग्राहकों को भी क्रम से 10 प्रतिशत और 15 फीसदी डिस्काउंट मिलेगा। प्रीपेड स्मार्ट मीटर ग्राहकों को भी राहत का ऑप्शन है। बकाया बिजली बिल के एकमुश्त भुगतान के साथ ही इंस्टॉलमेंट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

