home page

वित्त विभाग को लेकर महायुति में महामंथन, एनसीपी ने दिखाए तीखे तेवर

 | 

मुंबई, 25 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र कैबिनेट में फेरबदल को लेकर सत्तारूढ़ महायुति में महामंथन तेज हो गया है। वित्त विभाग को लेकर एनसीपी (एपी) ने आक्रमक तेवर अपना लिया है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने रविवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से उनके सरकारी आवास वर्षा बंगले पर मुलाकात की और वित्त विभाग की जोरदार मांग की।

उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की अध्यक्षता में उनके सरकारी दवेगिरी बंगले पर पार्टी की कोर कमेटी की बैठक हुई। इस बैठक में वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल, सुनिल तटकरे और मंत्री छगन भुजबल सहित अन्य नेता मौजूद थे। इसके बाद पार्टी के शीर्ष नेता मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे। पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत अजित पवार के पास पहले वित्त विभाग था। उनके निधन के बाद यह विभाग मुख्यमंत्री फडणवीस संभाल रहे हैं। इससे पहले सुनेत्रा पवार ने अपने पुत्र पार्थ पवार के साथ नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। एक बैठक में मुख्यमंत्री फडणवीस भी मौजूद थे। खाद्य आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने बताया कि सुनेत्रा पवार हमारी उपमुख्यमंत्री हैं। हमें वित्त विभाग वापस मिलना चाहिए। यह हमारे हक का विभाग है। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने सकारात्मकता दिखाई है। अमित शाह ने मुख्यमंत्री को पूरी आजादी दे रखी है। हमें पूरी उम्मीद है कि नागपुर शीत सत्र से पहले हमें वित्त विभाग मिल जाएगा।

सूत्रों की मानें तो एनसीपी कैबिनेट में फेरबदल चाहती है। वह अपने 5 मंत्रियों को बदलने के मूड में है। जलगांव जिले के अमलनेर के एनसीपी विधायक अनिल पाटिल का नाम संभावित नए मंत्रियों की सूची में आगे चल रहा है। पाटिल ने बताया कि जब तीनों पार्टियों ने सरकार बनाई थी, तो यह तय हुआ था कि किस पार्टी को कौन सा विभाग मिलेगा। लेकिन दादा की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद बदलाव हुआ। उम्मीद है कि जो तय हुआ है, वह मिलना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार