कार से कुचल जाने से मासूम बच्ची की मौत
मुंबई, 22 अक्टूबर, (हि. स.)। नालासोपारा पूर्व के वाकनपाड़ा इलाके में घर के पास खेल रही एक साल की मासूम बच्ची की कार की चपेट में आने से मौत हो गई। मामले में पेल्हार पुलिस ने कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृत बच्ची की पहचान कुलसुम हैदरअली खान के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ गरीब नवाज मस्जिद के पीछे, अलहबी बिल्डिंग के नीचे रहती थी। आरोप है कि चालक मोहम्मद आलम मोहम्मद शेख (50) ने वाहन चलाते समय लापरवाही बरती और कार का पिछला पहिया बच्ची के ऊपर चढ़ गया। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पेल्हार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सचिन कांबले ने कहा कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) और 281 सहित मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

