home page

भारत-यूके के बीच व्यापार समझौता

 | 

मुंबई, 15 जुलाई (हि.स.)। भारत और यूनाइटेड किंगडम (यूके) के बीच व्यापक आर्थिक व मुक्त व्यापार समझौता हुआ है। इस पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विश्वास जताया है कि इस समझौते से राज्य को वैश्विक व्यापार, निवेश और निर्यात के क्षेत्र में नई संभावनाएं मिलेंगी। यह समझौता राज्य को देश का ग्लोबल ग्रोथ इंजन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। साथ ही राज्य के एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य को गति देगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समझौते से पुणे, नाशिक, कोल्हापुर और छत्रपति संभाजीनगर सहित महाराष्ट्र के औद्योगिक क्षेत्रों को बड़ा लाभ मिलेगा। इंजीनियरिंग, ऑटोमोबाइल, ऑटो पार्ट्स, फार्मास्यूटिकल्स, केमिकल, आईटी, फिनटेक, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर, शिक्षा और क्रिएटिव इंडस्ट्री के लिए नए अवसर खुलेंगे। कृषि क्षेत्र को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। नाशिक के अंगूर, कोंकण के हापुस आम, अनार, प्रोसेस्ड फूड और समुद्री उत्पादों को ब्रिटेन के बड़े बाजार तक बेहतर पहुंच मिलेगी। किसानों को उनकी उपज की अच्छी कीमत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में आने वाले 39 प्रतिशत प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) का हिस्सा महाराष्ट्र को मिलता है। वित्तीय सेवाएं, उद्योग, स्टार्टअप, डेटा सेंटर, आईटी, फार्मा, ऑटोमोबाइल और कृषि निर्यात जैसे क्षेत्रों में महाराष्ट्र देश में अग्रणी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में भारत और ब्रिटेन के बीच करीब 56 अरब अमेरिकी डॉलर का व्यापार होता है। दोनों देशों ने वर्ष 2030 तक इसे दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। समझौते के तहत देश के अधिकांश निर्यात को ब्रिटेन में शुल्क मुक्त प्रवेश मिलेगा। साथ ही सेवा क्षेत्र, निवेश, नवाचार और पेशेवरों की आवाजाही को भी बढ़ावा मिलेगा। व्यापार समझौतों को केवल शुल्क कटौती नहीं, बल्कि व्यापक आर्थिक परिवर्तन के रूप में देखा जाना चाहिए।

ब्रिटेन के उप उच्चायुक्त हरजिंदर कांग ने बताया कि इस समझौते से भारत से यूके जाने वाली 99 प्रतिशत वस्तुओं और यूके से भारत आने वाली 90 प्रतिशत वस्तुओं पर शुल्क कम या समाप्त हो जाएगा। इससे दोनों देशों के व्यापार में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इस अवसर पर मेडिकल शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ, कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, विपणन मंत्री जयकुमार रावल सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार