home page

केईएम अस्पताल में ‘मां आईवीएफ एक्सीलेंस सेंटर’ का लोकार्पण

 | 

मुंबई, 24 फरवरी (हि.स.)। मुंबई महानगरपालिका ने केईएम अस्पताल में ‘मां आईवीएफ एक्सीलेंस सेंटर’ की सुविधा उपलब्ध कराई है। इसका लोकार्पण मंगलवार को किया गया। लोकार्पण समारोह में स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर, मुंबई की महापौर रितु तावड़े सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

यह सेंटर सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत स्थापित किया गया है। जहां निजी क्षेत्र की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत कम लागत पर उपचार उपलब्ध होगा। इस केंद्र से सालाना 500 से 600 रोगियों को लाभ मिलने की संभावना है। यहां अत्याधुनिक प्रयोगशाला, शल्य चिकित्सा कक्ष, गहन चिकित्सा इकाई, ओपीडी और सोनोग्राफी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। मंत्री आबिटकर ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं आम नागरिकों तक किफायती दरों पर पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने समाज के प्रति समर्पण भाव से सेवा करने वाले डॉ. अंजली मालपाणी और डॉ. अनिरुद्ध मालपाणी के योगदान की सराहना की।

महापौर रितु तावड़े ने कहा कि आईवीएफ उपचार को सामान्यतः महंगा माना जाता है, लेकिन अब केईएम अस्पताल के माध्यम से यह सुविधा आम लोगों के लिए सुलभ होगी। इस केंद्र के माध्यम से हजारों परिवारों के संतान प्राप्ति के सपने साकार होंगे।

केईएम अस्पताल की डीन डॉ. संगीता रावत ने कहा कि आईवीएफ केवल चिकित्सा नहीं बल्कि भावनात्मक और सामाजिक चुनौती भी है। यह केंद्र सभी के लिए पालकत्व के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। डॉ. अंजली मालपाणी ने कहा कि यह केंद्र न केवल मरीजों के लिए, बल्कि चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में भी एक आदर्श मॉडल के रूप में उभरेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार