home page

नीलाम होगा इम्पीरियल ग्रैंड पैलेस होटल

 | 

मुंबई, 07 अक्टूबर (हि.स.)। प्रॉपर्टी टैक्स नहीं चुकाने वाले बड़े बकायेदारों के खिलाफ मुंबई महानगरपालिका ने एक्शन तेज कर दिया है। मुंबई

के आरे के रॉयल पाम्स स्थित चर्चित इम्पीरियल ग्रैंड पैलेस होटल को बकाया प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली के लिए नीलामी में डाल दिया गया है। होटल पर 41.52 करोड़ रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है।

मुंबई मनपा ने तीन व्यावसायिक संपत्तियों की नीलामी के जरिए 74.98 करोड़ रुपये की बकाया राशि वसूलने की तैयारी की है। इनमें इम्पीरियल ग्रैंड पैलेस होटल के अलावा मालाड (कुरार) की एक व्यावसायिक संपत्ति पर 3.46 करोड़ रुपये और बांद्रा की संपत्ति पर 30.60 करोड़ रुपये का बकाया है। इम्पीरियल ग्रैंड पैलेस कभी रॉयल पाम्स परियोजना का प्रमुख फाइव स्टार होटल था। लगभग 38,143 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले इस होटल में 422 कमरे हैं। शुरुआती वर्षों में यह होटल आलीशान आयोजनों के लिए जाना जाता था, लेकिन साल 2012 के बाद इसकी गतिविधियां लगभग बंद हो गईं। फिलहाल होटल लंबे समय से बंद पड़ा है और इसकी हालत जर्जर हो चुकी है। इस होटल में अंतिम सम्मेलन वर्ष 2012 में दर्ज किया गया था।

मनपा अधिकारियों के अनुसार होटल मालिकों को बकाया टैक्स भुगतान के लिए कई नोटिस दिए गए थे और उनके साथ बैठकें भी की गईं थी। बावजूद इसके बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद संपत्ति को जब्त कर नीलामी की प्रक्रिया शुरू की गई है। साल 1984 के बाद यह पहली बार है, जब मुंबई मनपा ने जब्त की गई संपत्तियों को बकाया टैक्स की वसूली के लिए नीलामी में डालने की कार्रवाई की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार