home page

उद्धव ठाकरे से मेरी मुलाकात नहीं हुई: देवेंद्र फडणवीस

 | 

मुंबई, 25 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना (यूबीटी) के पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे से उनके सरकारी बंगले वर्षा पर हुई मुलाकात को साफ तौर पर खारिज कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस बारे में फैलाई गई खबर झूठी है और ऐसे गुमराह करने वाले हैंडल्स को नोटिस जारी किया जाएगा।

एक मीडिया हाउस ने दावा किया था कि दोनों नेता बुधवार की आधी रात को मुख्यमंत्री के सरकारी आवास वर्षा बंगले पर मिले थे। यह खबर प्रकाश आंबेडकर के 'प्रबुद्ध भारत' के जरिए सामने आई थी। हालांकि इस दावे की दोनों पार्टियों ने कोई पुष्टि नहीं की है। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राऊत ने सावधानी भरा रुख अपनाया। उन्होंने कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार करते हुए कहा कि इस बारे में केवल संबंधित दोनों नेता ही बता सकते हैं कि बैठक हुई थी या नहीं।

विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं। इस बीच मुख्यमंत्री फडणवीस और उद्धव की तथाकथित मुलाकात को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। हालांकि नासिक में मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने इन चर्चाओं पर विराम लगा दिया। उन्होंने कहा कि यदि उद्धव ठाकरे मुझसे मिलने आ रहे हैं, तो इसमें छिपाने की कोई ज़रूरत नहीं है। यह खुलेआम किया जा सकता है। हमारे पास ऐसा कोई मुद्दा नहीं है जिसे छिपाने की ज़रूरत हो। ऐसी कोई बैठक नहीं हुई है। कुछ लोग जानबूझकर झूठी खबर फैला रहे हैं।ऐसे फेक हैंडल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और नोटिस जारी किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार