home page

मुझे नासिक के लोगों पर गर्व, वे किसी भी लालच में नहीं आएंगे: उद्धव ठाकरे

 | 

मुंबई, 15 जुलाई (हि.स.)। ऑपरेशन टाइगर की हलचलों के बीच शिवसेना (यूबीटी) के पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने बुधवार को अपने आवास मातोश्री पर नासिक के 14 नगरसेवकों के साथ बैठक की और पार्टी के प्रति वफादारी पर ज़ोर दिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मुझे नासिक के लोगों पर गर्व है। मुझे पूरा भरोसा है कि आप किसी भी दबाव या लालच में नहीं आएंगे।

खराब सेहत की वजह से नगरसेविका मंगला आढाव बैठक में शामिल नहीं हो पाईं। वह अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी जगह उनके बेटे रोहन आढाव बैठक में शामिल हुए। उद्धव ठाकरे ने कहा कि कुछ सांसदों ने पार्टी छोड़ दी, लेकिन नासिक के सांसद पार्टी के प्रति वफादार रहे। नासिक के नगरसेवक भी पार्टी के प्रति वफादार हैं और मुझे आप पर पूरा भरोसा है।

उद्धव ठाकरे ने बैठक में नगरसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि वह जल्द ही नासिक जाकर कुंभ मेले की तैयारियों का जायजा लेंगे। बुरा समय हमेशा नहीं रहता, जल्द अच्छे दिन आएंगे। उन्होंने पार्टी नगरसेवकों से पार्टी संगठन को मज़बूत करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार