मैं पार्टी के अध्यक्ष की रेस में नहीः प्रफुल्ल पटेल
मुंबई, 04 फरवरी (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद एनसीपी (एपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर चर्चा चल रही है। इस बीच विपक्ष की ओर से आरोप लगाए जा रहे हैं, कि पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल भाजपा की आड़ में एनसीपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि इन आरोपों को पटेल ने यह कहते हुए खारिज किया है कि वे अध्यक्ष की रेस में शामिल नहीं हैं। पार्टी की अध्यक्ष सुनेत्रा पवार होंगी।
अजित पवार के उत्तराधिकारी के तौर पर उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। साथ ही पार्टी की कमान भी सौंपी गई है। इसके अलावा राज्य सरकार ने उन्हें पुणे ओर बीड जिले का पालक मंत्री भी बनाया है। हालांकि एनसीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर संगठन में हलचल तेज हो गई है। पार्टी के कुछ विधायकों ने मांग की है कि सुनेत्रा पवार को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना चाहिए। पार्टी विधायक प्रताप पाटिल चिखलीकर ने जानकारी दी है कि विधायकों की ओर से सुनेत्रा पवार को अध्यक्ष बनाने के बारे में एक प्रस्ताव दिया गया है और मैंने उस पर साइन भी कर दिए हैं। दोनों एनसीपी का विलय करना है या नहीं, इसका फैसला सुनेत्रा पवार लेंगी।
पार्टी के कार्याध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने साफ किया है कि वे अध्यक्ष पद की रेस में शामिल नहीं हैं। पार्टी का नेतृत्व सही व्यक्ति को सौंपी जाएगा और अध्यक्ष पद पर फैसला जल्द ही होगा। सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है, क्योंकि यह पद ज्यादा समय तक खाली नहीं रखा जा सकता।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

