पत्नी की हत्या के बाद पति ने की आत्महत्या
मुंबई, 07 नवंबर, (हि.स.)। नालासोपारा पश्चिम के नीलेमोरे गांव में चरित्र संदेह को लेकर पति ने कथित तौर पर पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद घर से निकलकर मुंबई के ग्रांट रोड रेलवे स्टेशन पहुंचा और चलती ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान माजिद खान (50) और उनकी पत्नी तबस्सुम खान (41) के रूप में हुई है। दोनों नालासोपारा पश्चिम के तकियापाड़ा, नीलेमोरे गांव इलाके में रहते थे। तबस्सुम घर पर ही बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थीं। इस दौरान विद्यार्थियों के पिता का घर आना माजिद को पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।
नालासोपारा पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 5 बजे इसी मुद्दे पर दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर माजिद ने कथित तौर पर तबस्सुम का गला घोंट दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद वह घर से निकल गया और मुंबई के ग्रांट रोड रेलवे स्टेशन पर उसने चलती ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

