केईएम के निवासी डॉक्टरों के लिए वडाला में बनेगा हॉस्टल
मुंबई, 13 सितंबर (हि.स.)। मुंबई मनपा द्वारा संचालित केईएम अस्पताल निवासी डॉक्टरों के लिए एक भव्य हॉस्टल बनाने का निर्णय लिया गया है। वडाला स्थित एक्वर्थ बीएमसी अस्पताल के परिसर में 15 मंजिला टावर का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के संरचनात्मक डिजाइन और सलाहकार कार्यों के लिए ‘मेसर्स रेणुका कंसल्टेंट्स’ संस्था का चयन किया गया है।
संस्था को 1 करोड़ 24 लाख 54 हजार 620 रुपये सलाहकार शुल्क देने का प्रस्ताव स्थायी समिति की मंजूरी के लिए पेश किया गया है। बुधवार को स्थायी समिति की बैठक में इस विषय पर निर्णय लिया जाएगा. केईएम अस्पताल में सैकड़ों निवासी डॉक्टर कार्यरत रहते हैं। बढ़ती छात्र संख्या को देखते हुए उनके रहने के लिए आधुनिक छात्रावास की आवश्यकता महसूस की जा रही है। मनपा के वास्तुशास्त्र विभाग द्वारा तैयार किए गए इस 15 मंजिला टावर के प्रारंभिक मसौदे को भवन प्रस्ताव (विशेष कक्ष) विभाग ने मंजूरी दे दी है।
इस इमारत के संरचनात्मक कार्य की अनुमानित लागत 61 करोड़ 77 लाख 31 हजार 11 रुपये है। मनपा के पैनल में शामिल ‘मेसर्स रेणुका कंसल्टेंट्स’ को निर्माण के विभिन्न चरणों के अनुसार सलाहकार शुल्क का भुगतान किया जाएगा। काम में देरी होने पर दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान भी किया गया है। बिना किसी वैध कारण के काम में देरी होने पर प्रतिदिन 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

