home page

राज्यपाल ने वरिष्ठ नागरिकों, विकलांग और अनाथ बच्चों से किया संवाद

 | 

मुंबई, 21 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने सोमवार को मुंबई के महालक्ष्मी स्थित किंग जॉर्ज पंचम मेमोरियल ट्रस्ट का दौरा कर बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों तथा बहुविकलांग एवं बौद्धिक दिव्यांग व्यक्तियों से संवाद किया।

लोकभवन के अनुसार सबसे पहले राज्यपाल ने ‘सुकून निलाय पैलिएटिव केयर’ केंद्रों का दौरा किया। इन केंद्रों में कैंसर के अलावा अन्य गंभीर बीमारियों से पीडि़त अंतिम अवस्था के बच्चों एवं वरिष्ठ मरीजों की देखभाल की जाती है। इसके बाद राज्यपाल ने वात्सल्य फाउंडेशन का दौरा किया। यह संस्था सडक़ पर रहने वाले अनाथ एवं असुरक्षित बच्चों की देखभाल तथा उनके समग्र विकास के लिए कार्य करती है।

इसके बाद राज्यपाल ने ‘बाल आशा धाम’ का दौरा किया। संस्था द्वारा अनाथ एवं परित्यक्त बच्चों के लिए आवासीय सुविधा तथा दत्तक सेवा उपलब्ध कराई जाती है। राज्यपाल ने ‘ओम क्रिएशन्स’ नामक एक अन्य संस्था का भी दौरा किया तथा वहां बौद्धिक दिव्यांग एवं बहुविकलांग व्यक्तियों से संवाद किया। किंग जॉर्ज पंचम मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. एरिक बोर्जेस ने राज्यपाल को ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे कार्यों तथा उसकी विस्तार योजनाओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर मुंबई महानगरपालिका की अतिरिक्त आयुक्त प्राजक्ता लवंगारे वर्मा, ट्रस्ट के न्यासी चेतन रायकर, भावना रॉय एवं अनिल कामत, वात्सल्य फाउंडेशन की न्यासी स्वाती मुखर्जी, ‘बाल आशा धाम’ के कार्यकारी निदेशक सुनील अरोरा तथा ‘ओम क्रिएशन्स ट्रस्ट’ की संस्थापक डॉ. राधिके खन्ना उपस्थित थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव