घर से टकराई तेज रफ्तार थार, एक घायल
मुंबई, 06 अक्टूबर, (हि. स.)। विरार के मांडवी पुलिस स्टेशन क्षेत्र के जांभुलपाडा में एक तेज रफ्तार थार (कार) बेकाबू होकर घर से टकरा गई। सोमवार रात भाताणे की ओर से भालीवली जा रही थार की टक्कर से घर की दीवार और खिड़की भरभराकर गिर गई। मलबे की चपेट में आकर घर के हॉल में बैठे 59 वर्षीय सुभाष जयराम सुतार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार सुभाष सुतार पत्नी सुवर्णा और बेटे आकाश के साथ रहते हैं। घर के सामने से भालीवली-भाताणे को जोड़ने वाली सीमेंट की सड़क गुजरती है। इसी रास्ते से तेज रफ्तार में आ रही थार अचानक अनियंत्रित हुई और सीधे घर की ओर मुड़ गई। बेकाबू थार ने सबसे पहले शेड को अपनी चपेट में लिया। वहां खड़ी दो बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके बाद वाहन घर के मुख्य दरवाजे और पूर्व दिशा की दीवार से जा टकराया। धक्का इतना तेज था कि पक्की दीवार और खिड़की टूटकर अंदर आ गिरी। उस समय सुभाष हॉल में थे। उनके सिर और बाएं हाथ में गंभीर चोट आई। घर पुराना और लकड़ी के माले वाला होने के कारण पूरा छत नहीं गिरा। हादसे के बाद ग्रामीणों ने थार चालक और उसके साथी को पकड़कर मांडवी पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार, चालक अंकित रविशंकर मिश्रा (26) और उसका साथी राज इंद्रजीत यादव (24) हिरासत में हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

