home page

मुंबई कोस्टल रोड पर बनेगा हेलीपैड

 | 

मुंबई, 04 फरवरी (हि.स.)। मुंबई कोस्टल रोड पर एक अत्याधुनिक हेलीपैड बनाया जाएगा। इसके लिए टेंडर जारी किया गया है। इसके लिए दो कंपनियों रेमंड्स और जिंदल ने रूचि दिखाई है। ठेके की सेवा व शर्ते पूरी करने वाली कंपनी को चुना जाएगा। इसके बाद हेलीपैड के काम का जिम्मा चयनित कंपनी को सौंपा जाएगा।

हेलीपैड के निर्माण, रखरखाव और संचालन की जिम्मेदारी चयनित कंपनी की होगी।

कोस्टल रोड से एयर ट्रांसपोर्ट को जोड़कर मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी देने की कोशिश की जा रही है। कोस्टल रोड परियोजना को मुंबई के दक्षिणी सिरे नरीमन पॉइंट से उत्तरी सिरे दहिसर तक तेज़ी से पहुंचाने के लिए चरणबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। मरीन ड्राइव से वर्ली-बांद्रा सी लिंक के आखिर तक 10.58 किलोमीटर का पहला चरण यातायात के लिए खोल दिया गया है। अब बीएमसी प्रशासन कोस्टल रोड से एयर ट्रांसपोर्ट को जोड़कर मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट बनाने के बारे में सोच रही है। मुंबई में कई बड़े हॉस्पिटल हैं, और मरीज़ों को लाने-ले जाने के लिए अक्सर एयर एम्बुलेंस का इस्तेमाल किया जाता है। फिलहाल एअर एम्बुलेंस को एयरपोर्ट पर उतारना पड़ता है और मरीजों को हॉस्पिटल ले जाना पड़ता है। अगर दक्षिण मुंबई में हेलीपैड बन जाता है, तो आपात स्थितियों में गंभीर मरीजों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी।

मुंबई मनपा के अधिकारियों के अनुसार कोस्टल रोड पर प्रस्तावित हेलीपैड का इस्तेमाल मरीजों को तुरंत हॉस्पिटल ले जाने के लिए प्राथमिकता के तौर पर किया जाएगा। यह सेंटर कोस्टल पुलिस और सिक्योरिटी फोर्स के लिए कोस्टल सिक्योरिटी और डिज़ास्टर मैनेजमेंट के लिए फायदेमंद होगा। इसी तरह वीआईपी व्यक्तियों के लिए भी फायदेमंद होगा। फिलहाल महालक्ष्मी रेसकोर्स का हेलीपैड वीआईपी लोगों के आने-जाने के लिए इस्तेमाल होता है। कोस्टल रोड पर हेलीपैड बनने से वहां का दबाव कम हो जाएगा। इस हेलीपैड को डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) के सभी सेफ्टी नॉर्म्स के हिसाब से तैयार किया जाएगा। हेलीपैड चलाने का ठेका शुरुआती पांच साल के लिए दिया जा सकता है। मनपा अधिकारियों ने साफ किया है कि ठेकेदार कंपनी को एक तय मंथली लाइसेंस फीस और हर लैंडिंग से होने वाली इनकम का कुछ हिस्सा देना होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार