विदर्भ सहित 12 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मुंबई, 06 अप्रैल (ह.स.)। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के विदर्भ सहित 12 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। वेस्टर्न साइक्लोन उत्तर-पश्चिम भारत में एक्टिव होगा। इसका असर 7-8 अप्रैल को सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा। इस दौरान 12 राज्यों में तूफान और बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है।
मोसम विभाग के अनुसार मध्य पाकिस्तान और आस-पास के इलाकों में समुद्र तल से करीब 10 किमी की ऊंचाई पर एक पश्चिमी चक्रवात बना हुआ है। इसकी वजह से उत्तरी पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी, ओले और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार महाराष्ट्र में मौसम में बदलाव वेस्टर्न साइक्लोन और अरब सागर में बने सिस्टम की वजह से देखा जा रहा है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर पूरब की ओर बढ़ रहा है। राज्य में बेमौसम तूफानी बारिश का असर कम होने की उम्मीद है. अगले दो से तीन दिनों के बाद राज्य में औसत तापमान बढ़ेगा। हालांकि विदर्भ के कुछ हिस्सों में हवा के साथ बेमौसम बारिश की संभावना है। चंद्रपुर, वर्धा, अमरावती, यवतमाल, भंडारा, गोंदिया, नागपुर, गडचिरोली को बारिश ‘येलो अलर्ट’ दिया गया है।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के लिए कोई चेतावनी नहीं है। इस बीच सुबह व शाम को शहर के आसमान में बादलों की मोटी परत की काली छाया देखी जा रही है। आगामी दिनों में महानगर में ह्यूमिडिटी ज्यादा रहेगी, जिससे गर्मी बढ़ने की संभावना जताई गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

