home page

ठाणे- रायगढ़ में गुरुवार को भारी बारिश की संभावना, येलो अलर्ट जारी

 | 

मुंबई, 01 अप्रैल (हि.स.)। मुंबई के पड़ोसी जिले ठाणे और रायगढ़ में गुरुवार को भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया गया है। मौसम विभाग ने बेमौसम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस बीच मेघगर्जना के साथ 30से 40 किलोमीटर की रफ्तार तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि मुंबई औऱ पालघर के लिए कोई अलर्ट नहीं है। .

मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश की अनुमान मौसम विभाग ने व्यक्त किया है। ठाणे और रायगढ़ ज़िले में आंधी-तूफान और मध्यम बारिश की संभावना है। बीते कुछ दिनों से राज्य के कई हिस्सों में आंधी- बाऱिश हो रही है। पुणे, नाशिक और मराठवाड़ा व पश्चिमी महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में ओले गिरे और भारी बारिश हुई। बुधवार से कोंकण क्षेत्र में मौसम ने करवट बदली है। स्काईमेट वेदर सर्विसेज़ के महेश पालावत ने बताया कि दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। अरब सागर से भी नमी से भरी हवाएं आ रही हैं। इस सिस्टम का असर पूरे मध्य भारत और महाराष्ट्र में देखने को मिलेगा।

मॉनसून से पहले की बारिश शुरू होने के बावजूद, मुंबई और उसके आस-पास के ज़िलों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। क्योंकि मौसम विभाग ने 2 अप्रैल तक तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान लगाया है। मौसम विशेषज्ञों ने इस तापमान का कारण मॉनसून से पहले की उन बारिशों को बताया है, जो आमतौर पर शाम के समय इस इलाके में होती हैं। जब तक शाम को मॉनसून से पहले की बारिश और गरज-चमक होती है, तब तक शहर में दिन के समय तापमान पहले ही काफी बढ़ चुका होता है। यह बारिश सिर्फ थोड़ी देर की राहत देती है। तापमान में बड़ी गिरावट लंबे समय तक भारी बारिश होने के बाद ही आती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार