home page

महाराष्ट्र में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी

 | 

मुंबई, 02 अगस्त (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से नमी वाली हवाओं की मात्रा बढ़ गई है। इसका असर महाराष्ट्र के मौसम पर भी पड़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए राज्य भारी बारिश की चेतावनी दी है। प्रदेश के 19 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार अगले पांच दिनों तक राज्य के 19 जिलों में बारिश की संभावना है। इन सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को मौसम विभाग ने रायगढ़ और रत्नागिरी जिले के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। पुणे घाट एरिया, कोल्हापुर घाट एरिया और सतारा घाट एरिया के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अकोला, अमरावती, चंद्रपुर, गडचिरोली, गोंदिया, वाशिम जिले के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

रत्नागिरी, सतारा घाट एरिया, अकोला, अमरावती, बुलढाणा, नागपुर जिलों के लिए 3 अगस्त को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवा की स्पीड 30 से 40 किमी प्रति घंटा रहने की संभावना है। 1 जुलाई से 31 जुलाई के बीच राज्य में औसतन 324.2 मिमी बारिश होने की उम्मीद थी, लेकिन 454.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे ज़्यादा बारिश मध्य महाराष्ट्र में हुई। यहां औसत से 72 प्रतिशत ज़्यादा बारिश हुई। कोंकण में औसत से 33 फीसदी ज़्यादा बारिश हुई और 1404.2 मिमी बारिश हुई। विदर्भ में औसत से 21 प्रतिशत अधिक बारिश हुई। मराठवाड़ा में औसत से 17 फीसदी ज्यादा बारिश हुई। जुलाई के आखिरी हफ्ते में हुई बारिश की वजह से कई नदियां उफान पर आ गई थीं। बाढ़ का पानी घरों में घुस गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार