home page

वसई-विरार में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, जल भराव से लोग हुए परेशान

 | 
वसई-विरार में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, जल भराव से लोग हुए परेशान


वसई-विरार में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, जल भराव से लोग हुए परेशान


मुंबई, 4 जुलाई, (हि. स.)। पालघर जिले के वसई-विरार में मूसलाधार बारिश से शहर और ग्रामीण इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। स्कूल और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। शहर के कई प्रमुख मार्ग जलमग्न होने से यातायात ठप हो गया। लोगों को घरों और कार्यस्थलों तक पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। विरार के ग्लोबल सिटी, पुष्पानगर, चंदनसार, बोळींज रोड और पुराने विवा कॉलेज क्षेत्र, नालासोपारा के स्टेशन रोड, तुलिंज, सेंट्रल पार्क, विजय नगर, वाकणपाड़ा, धानिव बाग, आचोले और एसटी डिपो परिसर सहित वसई के देवतलाव, भुईगांव, अर्नाला रोड, सातीवली, गोखीवरे, रेंज नाका, भोयदापाड़ा और नायगांव के कई इलाके घंटों तक पानी में डूबे रहे। गोखीवरे से रेंज नाका तक का मुख्य मार्ग पूरी तरह जलमग्न होने से मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क बाधित हो गया और कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। लगातार जलभराव के कारण अनेक घरों और दुकानों में पानी घुस गया। कई वाहन बीच सड़क पर बंद पड़ गए और लोगों को अपनी कार एवं बाइक धक्का देकर निकालनी पड़ी। औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले हजारों श्रमिक भी घंटों ट्रैफिक में फंसे रहे। नागरिकों का आरोप है कि नालों की समय पर और प्रभावी सफाई नहीं होने से बारिश का पानी निकलने के बजाय सीधे सड़कों और रिहायशी इलाकों में भर रहा है।बारिश का असर केवल शहर तक सीमित नहीं रहा। वसई पूर्व के सकवार क्षेत्र में बाढ़ के पानी में फंसे 13 लोगों को वसई-विरार महानगरपालिका, तहसील प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन दल ने संयुक्त अभियान चलाकर नाव की सहायता से सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं ग्रामीण क्षेत्र के मोरी गांव में भी 70 से 100 लोगों का सफल रेस्क्यू किया गया। भारी वर्षा के चलते तानसा और वैतरणा नदियां भी उफान पर हैं। दोनों नदियों ने इस मानसून में पहली बार खतरे के स्तर तक पहुंचते हुए किनारे छू लिए। पांढरतारा पुल पानी में डूब जाने से कई गांवों का सीधा संपर्क कुछ समय के लिए टूट गया और लोगों को वैकल्पिक मार्गों से आवागमन करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मनपा प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में न जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में आपदा नियंत्रण कक्ष से तुरंत संपर्क करें। मनपा का बचाव दल पूरी तरह सतर्क हैं। प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार