home page

मुंबई में भारी बारिश, निचले इलाकों में जलजमाव

 | 

मुंबई, सितंबर (हि.स.)। पिछले कुछ दिनों के बाद रविवार की आधी रात से फिर से बारिश शुरू हो गई है। पूरे दिन जमकर बारिश हुई। सोमवार और मंगलवार को भी मौसम विभाग ने बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।

मालाबार हिल, गिरगांव, लालबाग, परेल, दादर सहित पूरे मुंबई में बारिश का दौर जारी रहा। पड़ोसी जिले ठाणे, रायगढ़ और पालघर में भी बारिश की फुहारे गिरती रहीं. कई निचले इलाकों में जलजमाव के कारण लोगों को परेशानी हुई। मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए रविवार को मौसम विभाग ने ऑरेंज जारी किया था. प्रशासन व संबंधित एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया था। गणेशोत्सव के कारण लोग खरीदारी के लिए निकले थे। लेकिन बारिश का असर बाजार में खरीदारी करने वाली भीड़ और सड़कों पर हो रहे सजावटी काम पर पड़ा। लोगों की कम आवाजाही के कारण व्यापारियों में निराशा दिखी।

वसई-विरार और नालासोपारा इलाकों में भारी बारिश हुई। पानी भरने से कई सड़कों पर ट्रैफिक जाम लग गया। भक्तों को सार्वजनिक मंडलों और घर में बप्पा की मूर्तियों को अपने घरों या मंडप में लाते समय प्लास्टिक कवर का सहारा लेना पड़ा। नालासोपारा रेलवे स्टेशन पर पानी भर गया। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार तक राज्य के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। बंगाल की खाड़ी में हवा का कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण मानसून का असर बढ़ा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार