मुंबई में झमाझम बारिश, अलर्ट जारी
मुंबई, 26 जुलाई (हि.स.)। मुंबई के आस-पास इलाके में रविवार को झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए सोमवार के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश देखी जा रही है। जबकि कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश नहीं हुई है। मुंबई, ठाणे, पालघर, पुणे और कोंकण इलाकों में अच्छी बारिश हुई है। मुंबई के पश्चिमी उपनगरों में रविवार को भारी बारिश हुई। अंधेरी, जोगेश्वरी, गोरेगांव, मालाड कांदिवली, बोरीवली, दहिसर, विले पार्ले, सांताक्रूज, बांद्रा इलाकों में भारी बारिश से कई इलाकों में जलजमाव हो गया। अंधेरी सबवे पानी में डूब गया। सबवे में डेढ़ से दो फीट पानी भरने की वजह से यातायात के लिए बंद कर दिया गया। पश्चिमी उपनगरों में अंधेरी, जोगेश्वरी, गोरेगांव, विले पार्ले, वर्सोवा इलाकों में बारिश की तीव्रता अधिक रही। कई निचले इलाकों में पानी भरने की सूचनाएं मिली हैं। इसकी वजह से ट्रैफिक को डायवर्ट करना पड़ा।
भंडारा शहर और ग्रामीण इलाकों में भारी बारिश हुई। बारिश करीब दो घंटे तक जारी रही। भारी बारिश की वजह से तुमसर में पानी भर गया। महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश को जोड़ने वाला हाईवे पानी में डूब गया। इस हाईवे पर गाड़ी चलाने वालों को बहुत मुश्किल से सफ़र करना पड़ा। इसके साथ ही तुमसर शहर की अंदरूनी सड़कें और एक पेट्रोल पंप पानी में डूब गए। तुमसर नगर परिषद की प्लानिंग के बावजूद भारी बारिश से सड़के पानी में डूह गईं। इसकी वजह से लोगों और वाहन चालकों को परेशानी हुई। हालांकि बारिश की तीव्रता कम होने से पानी कम होने लगा है। अमरावती ज़िले में भी भारी बारिश दर्ज की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

