home page

मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित

 | 

मुंबई, 01 जुलाई (हि.स.)। मुंबई और आस-पास के जिलों में मंगलवार रात से हो जोरदार बारिश जारी है। भारी बारिश का असर सड़क, रेल और हवाई सफर पर पड़ा है। कई इलाकों में जलजमाव के कारण वाहनों का आवागमन धीमा पड़ गया। मध्य और पश्चिम रेलवे में उपनगरीय रेल सेवाएं 15 से 20 मिनट की देरी से चलीं। इसी तरह की कई विमानों की उड़ानें प्रभावित हुईं।

मुंबई के पश्चिम एक्सप्रेस हाईवे पर भारी ट्रैफिक जाम के चलते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बेस्ट की बसें सामान्य रूप से संचालित हुईं। मध्य और पश्चिम रेलवे में उपनगरीय रेल सेवाएं 15 से 20 मिनट की देरी से चलीं। हार्बर लाइन पर विद्युत तार टूटने के कारण रेल सेवाएं सुबह 4 बजकर 52 मिनट से 5 बजकर 45 मिनट के बीच बाधित हुईं। इस तकनीकी खराबी का असर वेस्टर्न और सेंट्रल रेलवे लाइन पर भी कुछ ट्रेनों पर पड़ा।

कम दृश्यता के कारण मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। बुधवार सुबह से ही मुंबई में भारी बारिश होती रही। इसके चलते कई निचले इलाकों में पानी भरने से यातायात में व्यवधान हुआ। अंधेरी सबवे में लगभग पांच फीट पानी जमा होने के बाद उसे ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया गया था। भारी बारिश का असर शहर की यातायात व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दिया।

वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर बोरीवली से बांद्रा की ओर जाने वाले मार्ग पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया। मालाड से सांताक्रूज तक वाहनों की लंबी-लंबी कतारें देखी गईं। मालाड, गोरेगांव, जोगेश्वरी, अंधेरी, विले पार्ले और सांताक्रूज समेत पूरे पश्चिम एक्सप्रेस हाईवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। मालाड से सांताक्रूज की लगभग 30 मिनट की दूरी तय करने में वाहन चालकों को करीब डेढ़ घंटे का समय लग रहा था। उधर, ट्रैफिक पुलिस जाम को कम करने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास करती दिखी। साथ ही यातायात को सुचारु बनाने में जुटी रही। लगातार बारिश के कारण अंधेरी सबवे और मालाड सबवे में जलभराव हो गया, जिसके चलते प्रशासन ने वहां से यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर मोड़ दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार