महाराष्ट्र में गर्मी की लहर, मुंबई में भी हीट अलर्ट जारी
मुंबई, 27 अप्रैल (हि.स.)। मौसम विभाग ने मुंबई सहित महाराष्ट्र में अगले पांच दिनों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। मुंबई में भी अगले चार दिनों तक तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने और नमी के कारण उमस भरी गर्मी पड़ने की संभावना है। इसी के मद्देनजर राज्य सरकार के निर्देश पर मुंबई मनपा के स्वास्थ्य विभाग ने गर्मी से बचाव के लिए गाइडलाइंस जारी की है।
मुंबई मनपा प्रशासन ने विशेष रूप से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलने की सुझाव दिया गया है। दोपहर में सीधे धूप आने वाली खिड़कियों पर पर्दे या शेड लगाने की सलाह दी गई है। साथ ही स्थानीय मौसम की जानकारी नियमित रूप से लेते रहने और तापमान में बदलाव पर नजर रखने को कहा गया है। बुजुर्गों, बच्चों, बीमार या मोटापे से ग्रस्त लोगों की विशेष देखभाल करने की अपील की गई है, क्योंकि उन्हें गर्मी का अधिक असर हो सकता है। आपात स्थिति के लिए प्राथमिक उपचार सामग्री तैयार रखने और छाया के लिए पेड़ लगाने का भी आह्वान किया गया है। आईएमडी, मुंबई की अधिकारी सुषमा नायर के अनुसार उत्तर दिशा से आने वाली गर्म और शुष्क हवाओं के कारण अगले चार से पांच दिनों तक तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। साथ ही नमी के कारण उमस भी बढ़ेगी।
गर्मी के दौरान बच्चों या पालतू जानवरों को बंद वाहन या सीधे धूप में अकेला न छोड़ें। संभव हो तो घर के अंदर रहें और तेज धूप में बाहर जाने से बचें। अगर एसी की सुविधा नहीं है, तो घर के निचले और ठंडे हिस्से में रहें। हल्का, संतुलित और नियमित आहार लें। पर्याप्त पानी पीकर शरीर को हाइड्रेट रखें। हृदय, किडनी, मिर्गी या लिवर से संबंधित रोगियों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। सिर और चेहरे को टोपी या कपड़े से ढककर रखें।
मुंबई उपनगर सहित पालघर, ठाणे और रायगढ़ जिलों में गर्म और उमस भरे मौसम के कारण गर्मी बढ़ने की संभावना है। वहीं नंदूरबार, धुले, जलगांव, नासिक, छत्रपति संभाजीनगर, जालना, परभणी, हिंगोली, नांदेड़ और नागपुर में हीटवेव को लेकर ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। इसके अलावा चंद्रपुर और यवतमाल जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

