मुंबई और ठाणे के लिए गर्मी का येलो अलर्ट
मुंबई, 22 मार्च (हि.स.)। मौसम विभाग ने मुंबई और ठाणे के लिए गर्मी का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंच सकता है।
मुंबई में पिछले एक सप्ताह तक मिली थोड़ी राहत के बाद मौसम ने फिर एक बार करवट बदली है। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को गर्मी और उमस भरे मौसम के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। हालांकि इस सप्ताह के लिए लू चलने की चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन सोमवार से तापमान के 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने का अनुमान है। बीते दिनों महाराष्ट्र के कई हिस्सों में तेज हवाएं, आंधी-तूफ़ान और ओलावृष्टि हुई, तब मुंबई और उसके आस-पास के ज़िलों में गर्मी का स्तर थोड़ा कम रहा। दिन का तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आस-पास दर्ज किया गया। मार्च के पहले पखवाड़े में उमस भरी गर्मी महसूस की गई। महानगर को उत्तरी हिस्सों में सक्रिय 'पश्चिमी विक्षोभ' प्रणाली के कारण गर्मी से कुछ राहत मिली थी।
हालांकि, 'पश्चिमी विक्षोभ' प्रणाली के कमज़ोर पड़ने के साथ ही, इस सप्ताहांत पर शहर में तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए मुंबई के साथ-साथ कोंकण क्षेत्र के ठाणे, रत्नागिरी व रायगढ़ ज़िलों में भी गर्मी और उमस भरे मौसम के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इस सप्ताह के लिए जारी अपने पांच-दिवसीय पूर्वानुमान में मौसम विभाग ने बताया है कि मंगलवार तक अधिकतम तापमान 36 डिग्री के उच्च स्तर को छू सकता है, जबकि बुधवार को तापमान में थोड़ी गिरावट आकर यह 35 डिग्री तक पहुंच सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों ने तापमान में होने वाली इस बढ़ोतरी का कारण समुद्री हवाओं और पश्चिमी हवाओं में हुई देरी को बताया है। ये हवाएं दिन के समय शहर को ठंडा रखने में अहम भूमिका निभाती हैं। तापमान में तेज़ बढ़ोतरी के बावजूद, मौसम विभाग ने इस क्षेत्र के लिए किसी भी तरह की 'हीटवेव' चेतावनी जारी नहीं की है। तटीय क्षेत्रों में, 'हीटवेव' की चेतावनी तब जारी की जाती है जब तापमान 37 डिग्री से ऊपर चला जाए, या फिर लगातार कई दिनों तक सामान्य तापमान से 4.5 से 6.4 डिग्री अधिक बना रहे।
'गंभीर हीटवेव' की घोषणा तब की जाती है जब अधिकतम तापमान सामान्य स्तर से 6.5 डिग्री से भी ज़्यादा ऊपर चला जाए। पिछले एक महीने में शहर को कम से कम तीन लू की चपेट में आना पड़ा है। पहली लू 4 और 5 मार्च के बीच चली। उसके बाद 9 और 10 मार्च के बीच एक भीषण लू चली और फिर 13 मार्च को एक और लू चली। मार्च महीने में तापमान सामान्य से ज़्यादा रहने की संभावना रहती है, क्योंकि यह सर्दियों से गर्मियों में बदलने का समय होता है। मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार महानगर में मार्च का सबसे गर्म दिन 41.7 डिग्री सेल्सियस था, जो साल 1956 में दर्ज किया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

