home page

बीकेसी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट डे को मिल रहा समर्थन

 | 

मुंबई, 04 जुलाई (हि.स.)। मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉप्लेक्स (बीकेसी) में हर शुक्रवार को पब्लिक ट्रांसपोर्ट डे का आयोजन किया जा रहा है। एमएमआरडीए की पहल पर शुरू किए गए इस अभियान को यात्रियों और कॉर्पोरेट कर्मचारियों का प्रतिसाद मिलने लगा है। इस अभियान के तहत चौथे सप्ताह बीकेसी के लिए बेस्ट की 12 अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया, जबकि पूरे जुलाई महीने के लिए बीकेसी मेट्रो स्टेशन से मुफ्त मेट्रो फीडर शटल सेवा भी शुरू की गई है।

हर शुक्रवार को सुबह पब्लिक ट्रांसपोर्ट वॉलंटियर्स यात्रियों का स्वागत करने, उनकी सहायता करने और सार्वजनिक परिवहन के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। अभियान के चौथे सप्ताह में बड़ी संख्या में यात्रियों, स्वयंसेवकों और कॉर्पोरेट कर्मचारियों ने सार्वजनिक परिवहन अपनाकर हरित मुंबई के निर्माण का संदेश दिया। यात्रियों की सुविधा के लिए शुक्रवार को बीकेसी मार्गों पर 12 अतिरिक्त बेस्ट बसें चलाई गईं। तीन डिपो से कुल 36 नियमित बसों के अलावा अतिरिक्त सेवाएं संचालित की गईं।

स्टेशन ट्रैफिक अधिकारी के अनुसार बीकेसी, बांद्रा बस स्टेशन और कुर्ला पश्चिम में यात्रियों का दबाव सामान्य रहा। वहीं पूरे जुलाई माह में हर शुक्रवार बीकेसी मेट्रो स्टेशन से मुफ्त मेट्रो फीडर शटल बस सेवा उपलब्ध रहेगी। सिटीफ्लो के सहयोग से शुरू की गई यह सेवा हर सात मिनट में मिलेगी, जिससे अंतिम चरण की यात्रा आसान होगी। एमएमआरडीए ने लोगों से सार्वजनिक परिवहन अपनाकर अभियान से जुड़ने तथा मुंबई वन ऐप के माध्यम से अपनी यात्रा की योजना बनाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार