home page

राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने विश्व विजेता दृष्टिबाधित महिला क्रिकेट टीम को किया सम्मानित

 | 

मुंबई, 05 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र के लोकभवन में बुधवार को दृष्टिबाधित महिला टी-20 विश्व कप जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाली भारतीय दृष्टिबाधित महिला राष्ट्रीय क्रिकेट टीम का राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने सम्मान किया। इस अवसर पर टीम की प्रेरणादायी यात्रा पर आधारित वृत्तचित्र ‘देख ले! इंडिया’ का विशेष प्रदर्शन भी किया गया।

सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने कहा कि ‘देख ले! इंडिया’ केवल विश्व कप जीतने की कहानी नहीं, बल्कि दृष्टिबाधित महिला खिलाड़ियों के सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक संघर्षों के साथ उनकी सफलता का प्रेरणादायी दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने केवल विश्व कप ही नहीं जीता, बल्कि करोड़ों भारतीयों का दिल भी जीता है।

राज्यपाल ने सुझाव दिया कि इस वृत्तचित्र का प्रदर्शन अधिक से अधिक विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में किया जाना चाहिए, ताकि युवा पीढ़ी इन खिलाड़ियों के संघर्ष, समर्पण और उपलब्धियों से प्रेरणा ले सके। उन्होंने विश्वविद्यालयों से दिव्यांग खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सरकारी, सार्वजनिक और निजी संस्थानों से उन्हें रोजगार के अवसर मुहैया करने की अपील भी की।

राज्यपाल ने कहा कि क्रिकेट में प्रतिभा होने के बावजूद दिव्यांग खिलाड़ियों को अभी भी अपेक्षित पहचान और प्रायोजन नहीं मिल पाता। गरीबी, पारिवारिक विरोध और शारीरिक चुनौतियों का सामना करते हुए विश्व विजेता बनने वाली इन खिलाड़ियों की उपलब्धि पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है और समाज को दिव्यांग खिलाड़ियों के प्रति अपनी सोच बदलने की आवश्यकता है।

इस अवसर पर खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित दिव्यांग खिलाड़ी डॉ. दीपा मलिक का भी सम्मान किया गया। समारोह में भारतीय दृष्टिबाधित महिला क्रिकेट टीम की कप्तान दीपिका टी. सी., उपकप्तान गंगा कदम सहित टीम की सभी खिलाड़ियों, क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया के अध्यक्ष डॉ. महांतेश जी. के. तथा वृत्तचित्र ‘देख ले! इंडिया’ के निर्माता और निर्देशक को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, विधान परिषद के सभापति प्रो. राम शिंदे, राजशिष्टाचार मंत्री जयकुमार रावल, महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिती तटकरे, मुंबई की महापौर रितु तावडे, एसएनडीटी महिला विश्वविद्यालय की कुलगुरु डॉ. उज्ज्वला चक्रदेव, मुख्य प्रशिक्षिका शिखा शेट्टी तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और दिव्यांग संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव