राज्यपाल ने किया आदिवासी विद्यार्थियों के लिए स्कूल बस समर्पित
मुंबई, 20 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने शनिवार को महाराष्ट्र लोकभवन में रायगढ़ जिले के आदिवासी व ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए एक स्कूल बस शिक्षा संस्था को समर्पित किया। यह बस सुमन रमेश तुलसियानी ट्रस्ट द्वारा रायगढ़ जिले के रातवड स्थित छत्रपति शिक्षण मंडल के माध्यमिक विद्यामंदिर को प्रदान की गई है।
लोकभवन में हुए कार्यक्रम में ट्रस्ट के ट्रस्टी मनीष रुपाणी, नाना पालकर स्मृती समिती के पदाधिकारी कृष्णा महाडिक, छत्रपती शिक्षण मंडल, कल्याण के मानद सचिव डॉ. निलेश रेवगडे और संस्था के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। रातवड स्थित यह विद्यालय आठ गांवों और चार आदिवासी बस्तियों के 196 विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करता है। स्कूल बस सेवा शुरू होने के बाद विद्यालय में 42 विद्यार्थियों की अतिरिक्त वृद्धि हुई है।
सुमन रमेश तुलसियानी ट्रस्ट द्वारा अब तक कुल नौ स्कूल बसें प्रदान की जा चुकी हैं। रमेश तुलसियानी और सुमन तुलसियानी का हाल ही में पंद्रह दिनों के अंतराल में निधन हो गया था। इसके बावजूद उनके ट्रस्ट के माध्यम से समाजसेवा का कार्य निरंतर जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

