नीट आंदोलन में छात्रों के खिलाफ केस वापस ले सरकार- जयंत पाटिल
मुंबई, 28 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के विधायक जयंत पाटिल ने राज्य सरकार से नीट आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज किए गए मामले वापस लेने की मांग की है। इस संबंध नें उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखा है और सरकार की ओर से किए गए वादे की याद दिलाई है।
पाटिल ने अपने पत्र में लिखा है कि आंदोलन के दौरान सरकार ने भरोसा दिलाया था कि विद्यार्थियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। उसके बाद भी छात्रों के खिलाफ केस करना, नोटिस जारी करना और पुलिस कार्रवाई जारी रखना विद्यार्थियों के भरोसे का उल्लंघन है। जयंत पाटिल ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले में इंसाफ की मांग कर रहे छात्रों ने शांति और लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शऩ किया। ऐसे छात्रों को अपराधी मानना सही नहीं है। सरकार को उनके खिलाफ सभी केस वापस लेने चाहिए और पुलिस की कार्रवाई रोकना चाहिए। विद्यार्थियों का भरोसा बनाए रखने के लिए सरकार का वादा निभाना जरूरी है।
एनसीपी (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने भी सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने दो दिन में ही अपने वादे तोड़ दिए। छात्रों और युवाओं ने भाजपा सरकार को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया है। बिहार, पश्चिम बंगाल, असम समेत कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ गंभीर मामले दर्ज किए जा रहे हैं और उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। रोहित पवार ने चेतावनी दी है कि इस मामले में सरकार को जवाबदेह ठहराया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

