home page

विरार में बनेगा अपर तहसीलदार कार्यालय, राज्य सरकार ने जारी किया शासनादेश

 | 
विरार में बनेगा अपर तहसीलदार कार्यालय, राज्य सरकार ने जारी किया शासनादेश


-विधायक राजन नाईक ने मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री का माना आभार

मुंबई, 23 सितंबर, (हि. स.)। पालघर की वसई तालुका की बढ़ती जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए तालुका में अपर तहसीलदार कार्यालय शुरू करने के विधायक राजन नाईक के प्रयास को सफलता मिली है। विरार में अपर तहसीलदार कार्यालय शुरू करने का शासनादेश जारी कर दिया गया है। इस निर्णय से वसई के चार मंडलों के नागरिकों को राजस्व संबंधी कामों के लिए वसई के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। नालासोपारा और विरार शहर से वसई का तहसीलदार कार्यालय दूर होने के कारण, तालुका में अपर तहसीलदार कार्यालय शुरू करने की मांग विधायक राजन नाईक ने पिछले वर्ष 28 जनवरी और 1 अगस्त को राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले से की थी। इसके साथ ही, कोंकण की विभिन्न समस्याओं को लेकर राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले द्वारा 11 सितंबर 2025 को मुंबई के सह्याद्री अतिथि गृह में ली गई समीक्षा बैठक में भी उन्होंने स्वतंत्र अपर तहसीलदार कार्यालय के लिए कड़ा आग्रह किया था। उस समय मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने उचित कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

जस्व विभाग की ओर से संशोधित संगठनात्मक ढांचे की मंजूरी के संबंध में 2 अप्रैल 2026 को शासनादेश जारी किया गया था। उसमें वसई तालुका में अपर तहसीलदार कार्यालय (स्वतंत्र) मंजूर किया गया था। आखिरकार राज्य सरकार ने मंगलवार को एक स्वतंत्र शासनादेश जारी करके वसई तालुका के विरार में अपर तहसीलदार कार्यालय शुरू करने पर मुहर लगा दी है। विरार अपर तहसीलदार कार्यालय के अंतर्गत विरार, मांडवी, आगाशी और बोलिंज जैसे 4 राजस्व मंडलों को शामिल किया गया है। वहीं, वसई तहसीलदार कार्यालय में वसई, पेल्हार, निर्मल, माणिकपुर, कामन आदि मंडलों को शामिल रखा जाएगा। इस निर्णय पर विधायक राजन नाईक ने खुशी जताई है और कहा है कि वसई तालुका के नागरिकों की कई वर्षों पुरानी मांग को न्याय मिला है। साथ ही, उन्होंने इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले का आभार व्यक्त किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार