गोरेगांव फिल्म सिटी का मानखुर्द में विस्तार
मुंबई, 03 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी (दादा साहेब फाल्के चित्रनगरी) के विस्तार को हरी झंडी दे दी है। इसके लिए मानखुर्द में 14 एकड़ सरकारी जमीन आवंटित की गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन और राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की पहल पर राजस्व विभाग ने यह जमीन सांस्कृतिक कार्य विभाग को देने की मंजूरी दी है।
मानखुर्द, कुर्ला स्थित सर्वे नंबर 138 और उससे लगी जमीन में से करीब 56,666 वर्ग मीटर क्षेत्र बाहरी फिल्मांकन के लिए दिया गया है। इस फैसले से मुंबई में फिल्म निर्माण और आउटडोर शूटिंग सुविधाओं को एक नया और बड़ा आधार मिलेगा। महाराष्ट्र जमीन राजस्व संहिता, 1966 की धारा 40 के तहत जमीन राजस्व मुक्त और भोगाधिकार मूल्य रहित आधार पर उपलब्ध कराई जाएगी। इससे फिल्म सिटी में उपलब्ध स्टूडियो सुविधाओं के बाहर होने वाले शूटिंग कार्यों के लिए अतिरिक्त स्थान मिल सकेगा।
राजस्व मंत्री - चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि राज्य सरकार फिल्म उद्योग के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाएं विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। फिल्म सिटी के विस्तार के लिए जमीन उपलब्ध कराते समय सार्वजनिक हित और जमीन के नियोजित उपयोग का संतुलन रखा गया है। मानखुर्द की जमीन का इस्तेमाल मुख्य रूप से आउटडोर शूटिंग (बाहरी फिल्मांकन) के लिए किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

