‘ड्रग्स फ्री मुंबई’ थीम पर मनेगा गणेशोत्सव
मुंबई, 11 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार इस साल मुंबई में ‘ड्रग्स फ्री मुंबई’ थीम पर गणेशोत्सव मनाने की तैयारियां कर रही है। साथ ही गणेश भक्तों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। विसर्जन के दौरान बड़े कृत्रिम तालाब और समुद्री तटों पर लाइगार्ड क संख्या बढ़ाई जाएगी. इस बारे में कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं।
गिरगांव के नाना चौक स्थित मनपा के डी विभाग कार्यालय की दूसरी मंजिल के सभागृह में मंगलवार को मलबार हिल विधानसभा क्षेत्र के गणेशोत्सव मंडलों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में 70 से अधिक गणेशोत्सव मंडलों के पदाधिकारी और समन्वय समिति के प्रतिनिधि, मनपा, पुलिस प्रशासन, यातायात पुलिस, दक्षिण मुंबई के नगरसेवक, मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन, अग्निशमन दल और बेस्ट उपक्रम के अधिकारी उपस्थित थे। मंत्री लोढ़ा ने मनपा की वन विंडो अनुमति में पुलिस और यातायात प्रशासन की अनुमति को भी शामिल करने का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में शुरू किए गए ‘ड्रग्स फ्री मुंबई’ अभियान का संदेश गणेशोत्सव के माध्यम से समाज तक पहुंचाया जाए। मलबार हिल विधानसभा क्षेत्र के सभी गणेशोत्सव मंडल इस वर्ष गणेशोत्सव में अपने पंडालों की सजावट और झांकियों को ‘ड्रग्स फ्री मुंबई’ अभियान की थीम के अनुरूप तैयार करें।सार्वजनिक गणेशोत्सव की समाज जागरूकता की एक समृद्ध परंपरा रही है। इसलिए इस गणेशोत्सव में मंडल अपने पंडालों, झांकियों अथवा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को ड्रग्स की समस्या के खिलाफ एकजुट करें। इससे हमारे युवा अधिक जागरूक होंगे और बड़ी संख्या में ‘ड्रग्स फ्री मुंबई’ की शपथ लेंगे।
लोढ़ा ने कहा कि समुद्र अथवा बाणगंगा में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की मांग गणेशोत्सव मंडलों द्वारा की गई है। इस संबंध में अदालत में भी सुनवाई चल रही है. इस मांग के पीछे श्रद्धालुओं की अपने बप्पा का भव्य विसर्जन करने की भावना है। इस भावना का सम्मान करते हुए उसे पूरा करने के लिए हम हरसंभव प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि अगस्त क्रांति मैदान में 5 से 6 फीट ऊंचाई वाला विस्तृत कृत्रिम तालाब बनाया जाए। साथ ही अन्य संभावित विसर्जन स्थलों का भी निरीक्षण कर वहां आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मंत्री लोढ़ा ने निर्देश दिया है कि गिरगांव चौपाटी और समुद्र तट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यकता के अनुसार लाइफगार्ड की संख्या बढ़ाई जाएगी। शाडू की मूर्तियों के विसर्जन के लिए गिरगांव चौपाटी पर दो से तीन लोगों को अनुमति देने के संबंध में भी आवश्यक कार्यवाही की जाए। समुद्र में ज्वार-भाटा की जानकारी गणेश मंडलों को व्हॉट्सऐप ग्रुप बनाकर साझा की जाए। गणपति आगमन के मार्ग पर मौजूद गड्ढों को तत्काल भरा जाए। सड़कों के किनारे पेड़ों की खतरनाक शाखाओं की छंटाई की जाए। साथ ही सड़कों पर मौजूद अनावश्यक केबल वायर हटाई जाएं। गणेशोत्सव के दौरान र्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। कुछ गणेशोत्सव मंडलों का बकाया डिपॉजिट रिफंड आवश्यक कार्यवाही कर दिलाया जाएगा।
मनपा अधिकारियों ने बताया कि गिरगांव चौपाटी की रेत में वाहन न धंसें, इसके लिए 1,194 फ्लैट्स रेत में लगाए जाएंगे। साथ ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से चौपाटी परिसर में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की जाएगी। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए गिरगांव चौपाटी पर 13 कृत्रिम तालाबों की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा भीड़ और सुरक्षा पर नजर रखने के लिए पुलिस के लिए वॉच टावर की भी व्यवस्था की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

