महाराष्ट्र के 33 जिलों के 42.30 लाख किसानों को मिलेगा मुफ्त राशन
मुंबई, 25 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने सूखे के भयंकर हालात को देखते हुए राज्य के 33 जिलों के गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले 42 लाख 30 हजार 783 किसानों को मुफ्त राशन देने का निर्णय लिया है। जो किसान डीबीटी स्कीम में शामिल नहीं हैं, उन्हें अगले तीन महीने तक पांच किलो अनाज मुफ्त दिया जाएगा। यह निर्णय बुधवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्य़क्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। इसके अलावा 13 अन्य महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
निर्णयानुसार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत हर व्यक्ति को तीन किलो चावल और दो किला गेहूं मिलेगा। मुंबई शहर, उपनगरों और ठाणे जिले को छोड़कर बाकी 33 जिलों के डीबीटी योजना में शामिल न होने वाले किसानों को इस योजना का लाभ मिलेगा। राज्य में फिलहाल राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत 5 करोड़ 79 लाख 34 हजार 700 लाभार्थियों को मुफ्त अनाज दिया जा रहा है, जबकि आत्महत्या से प्रभावित 14 जिलों के 21 लाख 60 हजार 682 किसानों को हर महीने 170 रुपये दिए जा रहे हैं। जिन किसान परिवारों को दोनों योजनाओं का फायदा नहीं मिल रहा है, उन सभी को हर महीने पांच किलों अनाज देने का फ़ैसला किया गया है। यह राशन अगले तीन महीने तक वितरित किया जाएगा. इसके आगे भी स्थिति की समीक्षा करने के बाद योजना को जारी रखने का निर्णय लिया जाएगा।
जिन राशन कार्ड धारकों ने आधार सीडिंग पूरी कर ली है, उन्हें e-POS मशीनों से बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के बाद अनाज वितरित किया जाएगा। शेष लाभार्थियों को यह राशन आधार सीडिंग पूरी करने के बाद ही दिया जाएगा. मुफ्त राशन देने के लिए केंद्र सरकार के कंज्यूमर अफेयर्स, फूड एंड पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन मिनिस्ट्री से मंजूरी मिल गई है।
राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में नंदुरबार ज़िले में नर्मदा-तापी रिवर्स लिंक योजना के लिए 5,548 करोड़ रुपये के इंतजाम को मंजूरी दी गई है। इसके तहत छह रिवर्स लिंक बांधों की योजना बनाई गई है। इससे क्षेत्र के लगभग 26,526 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई का लाभ मिलेगा. साथ ही 11.5 मेगावाट बिजली का उत्पादन भी होगा। परियोजना की 10 डेली बेसिस कन्फॉर्मिटी स्टडी को सक्षम स्तर से अनुमति देने समेत कई नियम और शर्तें भी लगाई गई हैं। इससे इलाके के करीब 26,526 हेक्टेयर ज़मीन को सिंचाई का फायदा मिलेगा।
मंत्रिमंडल के अन्य फैसले
राजस्व विभाग के अर्ध-न्यायिक मामलों के लिए रेवेन्यू कोर्ट केस मैनेजमेंट सिस्टम लागू होगा। इन मामलों के निपटारे के लिए ‘एक जिला, एक अपील’ का प्रावधान भी लागू किया जाएगा। इसके लिए महाराष्ट्र भूमि राजस्व संहिता, 1966 में संशोधन को मंजूरी दी गई है।
स्वास्थ्य विज्ञान के व्यावसायिक डिग्री पाठ्यक्रमों के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को डॉ. पंजाबराव देशमुख छात्रावास निर्वाह भत्ता योजना के तहत संशोधित दरों से भत्ता मिलेगा। भोजन, आवास और निर्वाह भत्ते में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की जाएगी।
स्कूली प्रणाली में शामिल शिक्षकों और गैर-शिक्षा कर्मचारियों को आर्थिक सशक्तिकरण की सुविधा मिलेगी। इसके लिए आरबीआई में पंजीकृत गैर-बैंकिंग वित्तीय संस्थाओं (एनबीएफसी) के माध्यम से वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
महाराष्ट्र स्टाम्प अधिनियम की धारा 32 (बी) और 53 (1ए) में संशोधन को मंजूरी दी गई है। इससे संबंधित विधेयक आगामी विधानसभा सत्र में पेश किया जाएगा। इस संशोधन से निर्धारण शुल्क और अपील शुल्क की दरों में समानता आएगी।
निजी अनुदानित स्कूलों के नियमन के लिए व्यापक कानून बनाया जाएगा। इसके लिए महाराष्ट्र निजी अनुदानित स्कूल (विनियमन) विधेयक, 2026 के प्रारूप को मंजूरी दी गई है। विधेयक को विधानसभा में पेश करने की मंजूरी दी गई है।
कवि कुलगुरु कालिदास संस्कृत विश्वविद्यालय, रामटेक अधिनियम, 1997 और यशवंतराव चव्हाण महाराष्ट्र मुक्त विश्वविद्यालय, नाशिक अधिनियम, 1989 में संशोधन को मंजूरी दी गई है। कुलसचिव की नियुक्ति, परिनियम, वित्त व लेखा समिति, भवन निर्माण समिति, वार्षिक रिपोर्ट और लेखों से संबंधित परिभाषाओं में एकरूपता लाने के लिए संशोधन किया जाएगा।
महाराष्ट्र माथाडी, हमाल व अन्य श्रमजीवी कामगार (रोजगार का विनियमन एवं कल्याण) अधिनियम, 1969 और महाराष्ट्र निजी सुरक्षा रक्षक (रोजगार का विनियमन व कल्याण) अधिनियम, 1981 में संशोधन को मंजूरी दी गई है।
राष्ट्रीय सहयोगी व स्वास्थ्य सेवा व्यवसाय आयोग अधिनियम, 2021 से एक्यूपंक्चर चिकित्सा पद्धति को बाहर किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक संशोधन विधेयक के प्रारूप को मंजूरी दी गई है।
सरकारी मेडिकल, डेंटल और आयुर्वेदिक कॉलेजों के पूर्णकालिक पुस्तकालयाध्यक्षों की तरह अब निजी अनुदानित आयुर्वेद और निजी अनुदानित यूनानी कॉलेजों के पुस्तकालयाध्यक्षों को भी सातवें वेतन आयोग का लाभ मिलेगा। वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार संशोधित वेतन संरचना लागू करने को मंजूरी दी गई है।
महाराष्ट्र लोक सेवा अधिकार अधिनियम, 2015 में संशोधन को मंजूरी. इससे संबंधित संशोधन विधेयक को विधानसभा के समक्ष पेश करने की मंजूरी दी गई है।
नागपुर जिले की मौदा नगर पंचायत को सरकारी जमीन देने की मंजूरी दी गई है। इससे नगर पंचायत के लिए प्रशासनिक भवन के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

