घोड़बंदर रोड पर चार स्टील गर्डर स्थापित
मुंबई, 16 मई (हि.स.)। मुंबई के घोड़बंदर रोड पर मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच 252 टन वजनी विशाल फुट ओवर ब्रिज का सफलतापूर्वक निर्माण किया है। ब्रह्मांड जंक्शन को टीकुजिनीवाडी मेट्रो स्टेशन से जोड़ने वाले इस पुल के लिए 59.63 मीटर लंबे चार भारी स्टील गर्डर स्थापित कर दिए गए हैं।
एमएमआरडीए ने घोड़बंदर रोड पर एक और महत्वपूर्ण शहरी बुनियादी ढांचा उपलब्धि हासिल करते हुए ब्रह्मांड जंक्शन को टीकुजिनी वाडी मेट्रो स्टेशन से जोड़ने वाले फुट ओवर ब्रिज का निर्माण पूरा कर लिया है। बेहद व्यस्त यातायात मार्ग और उसके ठीक ऊपर मौजूद मेट्रो वायाडक्ट जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच इस परियोजना को सफलतापूर्वक पूरा किया गया। एमएमआरडीए के अनुसार इस मेगा इंजीनियरिंग ऑपरेशन के तहत 59.63 मीटर लंबे और 252 मीट्रिक टन वजनी चार विशाल स्टील गर्डरों की स्थापना की गई है। यह कार्य एमएमआर क्षेत्र के सबसे व्यस्त ट्रैफिक कॉरिडोर में से एक घोड़बंदर रोड के ऊपर लगभग 6.167 मीटर की ऊंचाई पर किया गया है।
इस जटिल कार्य को पूरा करने के लिए मल्टी-एक्सल कैरियर के साथ दो पुलर, 250 मीट्रिक टन क्षमता वाली दो क्रेन, 800 मीट्रिक टन क्षमता की एक भारी क्रेन और 15 मीट्रिक टन क्षमता वाली चार सहायक क्रेनों का उपयोग किया गया। पूरे अभियान में 60 से अधिक इंजीनियरों, सुपरवाइजर्स और तकनीकी कर्मचारियों की टीम तैनात की गई थी। एमएमआरडीए अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना मुंबई में विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे, तकनीकी नवाचार और उन्नत इंजीनियरिंग क्षमताओं का प्रतीक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

