हार्बर लाइन पर चार दिन रहेगा ब्लॉक
मुंबई, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य रेलवे द्वारा मस्जिद और सैंडहर्स्ट रोड स्टेशनों के बीच स्लीपर बदलने का कार्य किया जाएगा। इसके लिए 15-16 जुलाई की मध्यरात्रि से 18-19 जुलाई की मध्यरात्रि तक हार्बर लाइन पर विशेष ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जाएगा। प्रतिदिन रात 1.15 बजे से सुबह 4.15 बजे तक सीएसएमटी और वडाला रोड के बीच ब्लॉक रहेगा।
मध्य रेलवे ने स्पष्ट किया है कि सीएसएमटी-पनवेल-सीएसएमटी हार्बर लाइन की लोकल सेवाएं सामान्य समय-सारिणी के अनुसार चलती रहेंगी। हालांकि, सीएसएमटी-वडाला रोड के बीच रात की कुछ सेवाओं में बदलाव रहेगा। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले संशोधित समय-सारिणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। इस कार्य की वजह से देर रात की लोकल सेवाएं प्रभावित होंगी और सीएसएमटी से चलने वाली दिन की अंतिम गोरेगांव लोकल लगातार चार दिनों तक रद्द रहेगी। ब्लॉक के कारण 15 से 18 जुलाई के बीच रात 10.54 बजे सीएसएमटी से रवाना होने वाली गोरेगांव लोकल रद्द रहेगी। वहीं 16 से 19 जुलाई के बीच रात 12.02 बजे गोरेगांव से सीएसएमटी के लिए चलने वाली लोकल और सुबह 4.28 बजे सीएसएमटी से गोरेगांव जाने वाली लोकल भी रद्द कर दी गई है। इसके अलावा, रात 10.24 बजे बांद्रा से सीएसएमटी के लिए रवाना होने वाली लोकल वडाला रोड स्टेशन तक ही संचालित होगी। वहीं सुबह 5.33 बजे गोरेगांव से सीएसएमटी के लिए चलने वाली लोकल वडाला रोड से सुबह 6.10 बजे आगे रवाना होगी।
मध्य रेलवे के अनुसार ब्लॉक शुरू होने से पहले रात 10.24 बजे सीएसएमटी से गोरेगांव जाने वाली लोकल अंतिम डाउन सेवा होगी, जबकि रात 11.33 बजे गोरेगांव से सीएसएमटी आने वाली लोकल अंतिम अप सेवा रहेगी। ब्लॉक समाप्त होने के बाद पहली लोकल सुबह 4.56 बजे सीएसएमटी से गोरेगांव और सुबह 5.05 बजे गोरेगांव से सीएसएमटी के लिए रवाना होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

