home page

विरार में जिला स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ, 86 टीमें ले रहीं हिस्सा

 | 
विरार में जिला स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ, 86 टीमें ले रहीं हिस्सा


मुंबई, 1 अगस्त, (हि. स.)। खेल एवं युवा निदेशालय महाराष्ट्र राज्य, जिला खेल परिषद कार्यालय पालघर और वसई विरार शहर महानगरपालिका खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय स्कूली एवं कॉलेज सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता की शुरुआत 1 अगस्त 2026 को म्हाडा मैदान, फायर ब्रिगेड स्टेशन के सामने, बोलिंज, विरार पश्चिम में हुई। इस प्रतियोगिता के उद्घाटन के अवसर पर महापौर अजीव पाटिल, उप-महापौर मार्शल लोपीस, आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी., विरोधी पक्षनेता मनोज पाटील, उप-आयुक्त (खेल) अजित मुठे, सहायक आयुक्त (खेल) नीता कोरे, जिला खेल सलाहकार गोविंद शिंदे, खेल स्पर्धा प्रमुख योगेश चौधरी, स्कूल और कॉलेज के खेल शिक्षक, प्रशिक्षक, छात्र खिलाड़ी, विभिन्न पदाधिकारी और नागरिक उपस्थित थे।

वसई विरार शहर महानगरपालिका की स्थापना के बाद से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करके मनपा क्षेत्र के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का काम किया जाता है। इन प्रतियोगिताओं के नियोजन के लिए महानगरपालिका पूरी तरह से सहयोग करती है। खिलाड़ियों के लिए चिकित्सा सुविधा, पीने का पानी, बैठने की व्यवस्था, पुरस्कार, रेफरी और शिक्षकों के भोजन की व्यवस्था आदि विभिन्न सुविधाएं महानगरपालिका द्वारा की जाती हैं। महानगरपालिका की स्थापना के समय से ही, इसके खेल विभाग द्वारा हर साल सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। भारत के पहले वायुसेना प्रमुख सुब्रतो मुखर्जी की स्मृति में यह प्रतियोगिता देश भर में आयोजित की जाती है। इस प्रतियोगिता के आयोजन का महानगरपालिका का यह 14वां वर्ष है। इस वर्ष प्रतियोगिता में महानगरपालिका क्षेत्र की कुल 86 फुटबॉल टीमों ने भाग लिया है, जिसमें 1376 खिलाड़ी शामिल हैं। यह प्रतियोगिता 15 वर्ष से कम उम्र के लड़के, 17 वर्ष से कम उम्र के लड़के और लड़कियों के 3 समूहों में आयोजित की जा रही है। यह प्रतियोगिता 5 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार