मुंबई में स्थापित होंगे पांच नए एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशन
मुंबई, 11 नवंबर (हि.स.)। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण को रोकने के लिए मुंबई महानगरपालिका ने पहल की है। शहर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) पर नजर रखने के लिए पांच नए एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इस प्रस्तावित परियोजना पर मनपा करीब 17.50 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
इन पांच स्टेशनों को मुंबई के अलग-अलग हिस्सों में स्थित उद्यानों और एक मनपा कार्यालय परिसर में स्थापित किया जाएगा। इसमें मुलुंड पूर्व के सीडी देशमुख गार्डन, बोरीवली पश्चिम के प्रमोद महाजन पार्क, गोरेगांव पूर्व के आरे स्थित छोटा कश्मीर गार्डन, दहिसर पूर्व के डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर रिक्रिएशन ग्राउंड और खार स्थित मनपा के एच-वेस्ट वार्ड के सहायक आयुक्त कार्यालय का समावेश है। इन नए स्टेशनों के शुरू होने के बाद मुंबई में वायु गुणवत्ता की निगरानी करने वाले केंद्रों की संख्या बढ़ जाएगी। फिलहाल शहर में 28 एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन संचालित हैं। पांच नए केंद्र जुड़ने से यह संख्या बढ़कर 33 हो जाएगी।
वायु प्रदूषण मुंबई के लिए लगातार गंभीर चुनौती बना हुआ है। निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल, वाहनों से निकलने वाला धुआं, औद्योगिक गतिविधियां और अन्य प्रदूषणकारी स्रोत हवा की गुणवत्ता को प्रभावित करते हैं। ऐसे में अलग-अलग क्षेत्रों में निगरानी केंद्रों की संख्या बढ़ने से प्रदूषण के स्तर को समझने और प्रभावित इलाकों की पहचान करने में मदद मिल सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

