रेलवे से नासिक से बांग्लादेश भेजी गई पहली निर्यात खेप
मुंबई, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य रेलवे ने माल ढुलाई के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल की है। नासिक जिले के येवला गुड्स शेड से पहली बार बांग्लादेश के लिए एक पूरी मालगाड़ी रवाना की गई है। इस पहली खेप से मध्य रेलवे को एक करोड़ 11 लाख रुपए का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त हुआ है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार श्री लक्ष्मी एक्सपोर्ट्स द्वारा 2,714 टन शीरा बांग्लादेश के बेनापोल भेजा गया है। इसके लिए विशेष रूप से तरल पदार्थों के सुरक्षित परिवहन में इस्तेमाल होने वाले 50 बीटीपीएन वैगनों की रैक उपलब्ध कराई गई थी। इस अंतरराष्ट्रीय खेप के लिए बुकिंग का आवेदन 2 अक्टूबर को दर्ज किया गया था, जिसके बाद 23 अक्टूबर को यह मालगाड़ी गंतव्य के लिए रवाना हुई।
मध्य रेलवे की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट लगातार नए व्यापारियों और निर्यातकों को रेल नेटवर्क से जोड़ने का काम कर रही है। रेल अधिकारियों के अनुसार सड़क मार्ग की तुलना में रेल से सुरक्षित और तेज ढुलाई की सुविधा मिलने से निर्यातक आकर्षित हो रहे हैं। येवला से शुरू हुई इस सेवा से न केवल रेलवे की कमाई में बढ़ोतरी होगी, बल्कि स्थानीय उद्योगों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

