home page

अदालत के गेट पर गोलीबारी में एक व्यक्ति घायल

 | 

पुणे, 25 नवंबर (हि.स.)। पुणे के शिवाजीनगर अदालत (जिला एवं सत्र न्यायालय) परिसर के गेट नंबर 4 के बाहर बुधवार दोपहर करीब 1:15 बजे हत्या के आरोपित मंदार मारुति किवले पर जानलेवा हमला हुआ, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूत्रों के अनुसार 4 से 6 हमलावरों के एक समूह ने मंदार का पीछा कर उस पर फायरिंग की कोशिश की लेकिन पिस्तौल के नहीं चलने के कारण वह बच गया था। इसके बाद हमलावरों ने कोयता (धारदार हथियार) से उस पर ताबड़तोड़ कई वार किए जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

मंदार को तुरंत यहां के ससून जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुणे अपराध शाखा के अनुसार, प्रारंभिक जांच में डॉक्टरों को उसके शरीर पर गोली लगने के निशान नहीं मिले हैं, बल्कि गंभीर चोटें धारदार हथियारों से आई हैं।

पुलिस को इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश का शक है। मंदार अप्रैल 2025 में कात्रज के संतोष नगर में हुए शुभम चव्हाण हत्याकांड का मुख्य आरोपित है और 4 दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। वह आज अदालत में पेशी के लिए आया था।

पुणे शहर की पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद की है।

संदिग्ध हमलावरों की पहचान कर ली गई है और फरार आरोपितों को पकड़ने के लिए 8 से 10 पुलिस टीमें तैनात की गई हैं।

सांसद सुप्रिया सुले ने एक्स पर एक पोस्ट में इस मामले में आक्रोश दर्ज किया है। उन्होंने इस तरह की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राघवेंद्र त्रिपाठी