home page

नालासोपारा के रिसॉर्ट में फायरिंग करने वाला गिरफ्तार

 | 
नालासोपारा के रिसॉर्ट में फायरिंग करने वाला गिरफ्तार


मुंबई, 29 जुलाई, (हि. स.)। पालघर जिले के नालासोपारा पश्चिम स्थित कलंब तुलसी रिसॉर्ट में शराब पार्टी के दौरान फायरिंग का मामला सामने आया है। अर्नाला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से एक देशी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और एक खाली खोखा बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भिवंडी निवासी संदेश गुरव (32) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, संदेश अपने दोस्तों के साथ मंगलवार को पार्टी करने आया था। देर रात शराब के नशे में उसने रिसॉर्ट परिसर में फायरिंग कर दी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। अर्नाला सागरी पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सतीश निकम ने बताया कि रात करीब 1:30 बजे नाइट ड्यूटी के दौरान पुलिस को घटना की सूचना मिली। इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी भिवंडी में बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर का व्यवसाय करता है। अर्नाला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3,25 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार