मुंबई में दो जगहों पर लगी आग. नौ घायल
मुंबई, 20 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई के दादर की कोहिनूर स्क्वायर बिल्डिंग में आग लगने की घटना अभी ताज़ा ही थी कि मंगलवार को दशहरे के दिन दो आग लगने की घटनाएं हुईं। कुर्ला पश्चिम में कोहिनूर HDIL बिल्डिंग में आग लगने से धुएं की वजह से आठ लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई, जबकि एक व्यक्ति के पैर में चोट लगी। इन नौ लोगों को राजावाड़ी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है। इस बीच महालक्ष्मी में भूलाभाई देसाई मार्ग पर अमर संस स्टोर में भी आग लग गई।
आग कुर्ला में कोहिनूर स्कूल के पास कोहिनूर HDIL बिल्डिंग नंबर 5 में आग लगी। आग इस बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर और 12 फ्लोर तक ही सीमित थी, बिजली की वायरिंग, बिजली के डक्ट में लगे उपकरण जल गए। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पा लिया।
दूसरी घटना में महालक्ष्मी इलाके में भूलाभाई देसाई मार्ग पर ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल के पास अमर संस स्टोर में आग लग गई। आग लगने का कारणों का पता नहीं चल सका है। मैके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग बुझाई। इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। महालक्ष्मी में हुई इस घटना में पीडब्ल्यूडी, बेस्ट, मनपा के कर्मचारी और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंते थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

