home page

इमारत की 13वीं मंजिल पर आग, दो की मौत

 | 

मुंबई, 14 अक्टूबर, (हि. स.)। नालासोपारा-वसई लिंक रोड स्थित अचोले क्षेत्र की इंपीरियल हाइट्स इमारत की बी विंग में 13वीं मंजिल पर मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में दम घुटने से फाल्गुनी शाह (50) और अश्विनी पारकर (50) की मौत हो गई।आग की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने टीटीएल (टर्नटेबल लैडर) मशीन की मदद से इमारत के बाहर से 8 लोगों को रेस्क्यू किया, जबकि कुल 25 से 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कुछ निवासी खुद सीढ़ियों से नीचे उतर आए, वहीं पीके गुप्ता का परिवार 12वीं और 13वीं मंजिल के बीच करीब आधे घंटे तक फंसा रहा।बताया जा रहा है कि अश्विनी पारकर घर में अकेली सो रही थीं। बचावकर्मी जब उनके फ्लैट में पहुंचे, तब तक वह बेहोश हो चुकी थीं। दूसरी ओर, फाल्गुनी शाह को उनके पति और बेटे के साथ सुरक्षित बाहर निकालने के दौरान धुएं के कारण गंभीर असर हुआ। प्रारंभिक जांच के अनुसार, दोनों महिलाओं की मौत दम घुटने की वजह से हुई है।इस हादसे पर वसई-विरार महानगरपालिका आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. ने कहा कि इमारत की निर्माण अनुमति, फायर एनओसी (अनापत्ति प्रमाणपत्र), अग्निशमन व्यवस्था और इलेक्ट्रिकल पैनल में शॉर्ट सर्किट समेत सभी पहलुओं की गहन जांच की जाएगी। जांच में लापरवाही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। फिलहाल प्रभावित परिवारों के लिए आसपास के बैंक्वेट हॉल और होटलों में अस्थायी रूप से ठहरने की व्यवस्था की गई है। अचोले पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार