धारावी में लगी आग, दो बच्चों समेत चार झुलसे
मुंबई, 06 सितंबर (हि.स.)। धारावी में रविवार को एलपीजी गैस सिलेंडर में आग लग गई। इस हादसे में दो बच्चों समेत चार लोग झुलस गए। हादसा दो मंजिला इमारत के एक कमरे में हुआ। सभी घायलों को पुलिस वैन से सायन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मुंबई मनपा से मिली जानकारी के अनुसार सायन-धारावी लिंक रोड के राजीव गांधी नगर स्पोर्ट्स क्लब के पास कमरा नंबर 43 में रखे भारत गैस के एलपीजी सिलेंडर में लगी थी। आग सिलेंडर तक ही सीमित रही और इमारत के अन्य हिस्सों में नहीं फैली। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और बेस्ट दमकल दल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया था।
हादसे में पूनम जायसवाल, रोहन गुप्ता, रुद्र गुप्ता और पार्वती गांधारी झुलस गए। सायन अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. चैतन्य के अनुसार 30 वर्षीय पूनम करीब 30 प्रतिशत, पांच वर्षीय रोहन पांच प्रतिशत, चार वर्षीय रुद्र आठ प्रतिशत और 19 वर्षीय पार्वती करीब 15 प्रतिशत जल गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

