एसी लोकल के महिला डिब्बे में लगी आग
मुंबई, 25 अक्टूबर (हि.स.)। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) से कल्याण के बीच चलने वाली दादर-बदलापुर एसी लोकल में शनिवार को महिला डिब्बे में आग लग गई। इस घटना से महिला यात्रियों में दहशत फैल गई। हालांकि, कुछ यात्रियों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और कोई हताहत नहीं हुआ।
घाटकोपर स्टेशन से पहले एक महिला यात्री के बैग में रखे पावर बैंक में अचानक आग लग गई। इससे डिब्बे में धुआं फैल गया। इससे यात्रियों में अफरा तफरी जैसा माहौल पैदा हो गया। यात्रियों ने घाटकोपर के पास लोकल की रफ्तार धीमी होने पर जलते हुए बैग को प्लेटफॉर्म की ओर बाहर फेंक दिया। संबंधित महिला के बैग में रखा सामान जलकर खाक हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही घाटकोपर स्टेशन पर रेलवे कर्मचारियों ने लोकल की जांच की। सुरक्षा जांच में किसी तरह का खतरा नहीं पाए जाने के बाद लोकल को बदलापुर की दिशा में रवाना कर दिया गया।
मध्य रेलवे के अनुसार एसी लोकल के घाटकोपर स्टेशन पहुंचने से पहले महिला डिब्बे में एक यात्री के बैग से अचानक धुआं निकलने लगा। रेलवे प्रशासन ने प्राथमिक अनुमान जताया है कि बैग में रखे पावर बैंक में खराबी आने के कारण आग लगी होगी। रेलवे ने एसी लोकल में पावर बैंक और ज्वलनशील वस्तुएं ले जाते समय सावधानी बरतने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

