home page

तिलक नगर में बहुमंजिला इमारत में लगी आग, 33 लोगों को बचाया

 | 

मुंबई, 16 सितंबर (हि.स.)। मुंबई के तिलक नगर स्थित एक 15 मंजिला बिल्डिंग में मंगलवार को आग लग गई। इससे लोगों में दहशत फैल गई। बिल्डिंग में फंसे करीब 33 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर बिल्डिंग की छत पर पहुंचाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आग इमारत की चौथी मंजिल के फ्लैट नंबर 402 में लगी थी। लोगों ने घटना की जानकारी मुंबई फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही फौरन फायर ब्रिगेड, पुलिस, संबंधित बिजली वितरण कंपनी, 108 एंबुलेंस और मनपा कर्मी मौके पर पहुंचे। घटना के दौरान इमारत में मौजूद 33 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर बिल्डिंग की छत पर पहुंचाया गया। मुंबई मनपा के अनुसार घटना बिल्डिंग नंबर 110, बी विंग, रोड नंबर 13, आर.एस. मणि कैफे के पास, तिलक नगर में हुई। ग्राउंड प्लस 15 मंजिला इमारत की चौथी मंजिल पर स्थित फ्लैट में आग लगी थी। आग से बिजली की वायरिंग, विद्युत उपकरण, छत, लकड़ी का फर्नीचर और दस्तावेज प्रभावित हुए।

दमकल कर्मियों ने एक छोटी पाइप लाइन का इस्तेमाल करते हुए आग पर काबू पाया। इस दौरान दो फायर ब्रिगेड कर्मी ब्रीदिंग अपरेटस सेट पहनकर अंदर गए और आग बुझाई। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार