आदित्य व अमित ठाकरे सहित 25 पर एफआईआर
मुंबई, 12 अक्टूर (हि.स.)। मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क इलाके में बीते रविवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बिना अनुमति विरोध प्रदर्शन करने पर शिवसेना (यूबीटी) के विधायक आदित्य ठाकरे और मनसे नेता अमित ठाकरे पर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आदित्य व अमित समेत 25 प्रमुख लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
शिवाजी पार्क पुलिस की एफआईआर में नियमों का उल्लंघन करने और धाराएं तोड़ने के आरोप में महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी, तेजस ठाकरे, संदीप देशपांडे, वरुण सरदेसाई और महेश सावंत जैसे दिग्गज नेताओं का नाम भी शामिल है। अब पुलिस वीडियो, सीसीटीवी फुटेज की मदद से अन्य प्रदर्शनकारियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य प्रदर्शनकारियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रविवार को शिवाजी पार्क क्षेत्र में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ बड़ी संख्या में, युवा और कार्यकर्ता एकजुट हुए थे. कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने शुरुआत में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया था। इस कार्रवाई से नाराज होकर ठाकरे बंधु (आदित्य, तेजस और अमित) अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन पहुंचे और पुलिस कार्रवाई के विरोध में धरना प्रदर्शऩ किया था। इस हंगामे और भारी दबाव के चलते कुछ समय के लिए इलाके में तनाव की स्थिति निर्माण हो गई थी। इसके बाद पुलिस को हिरासत में लिए गए लोगों को छोड़ना पड़ा.
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

