देश की अर्थव्यव्स्था गिरने का डर, सुप्रिया सुले ने साधा सरकार पर निशाना
मुंबई, 25 मई (हि.स.)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) की सांसद सुप्रिया सुले ने पेट्रोल-डीज़ल की कीमतों में बढ़ोतरी, फर्टिलाइज़र की कमी और देश के आर्थिक हालत को लेकर राज्य और केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में मंत्रियों के उलटे-सीधे बयानों से जनता कन्फ्यूज है।
सुले ने कहा कि एक मंत्री कहते हैं कि यूरिया नहीं मिलेगा, अनाज की कमी है। दूसरी ओर मंत्री छगन भुजबल कहते हैं कि पेट्रोल-डीज़ल की सिर्फ एक महीने की सप्लाई बची है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कहते हैं कि फ्यूल की कोई दिक्कत नहीं है। इससे पता चलता है कि सरकार में यह गड़बड़ी गंभीर है। उन्होंने कहा कि वह पिछले छह महीनों से ऑल-पार्टी मीटिंग की मांग कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे पर जाने से पहले ही हमने बैठक की मांग की थी, लेकिन अभी तक कोई निर्णय नहीं हुआ है।
सुले ने कहा कि देश के आर्थिक हालत खराब हो रहे हैं। फ्यूल की कीमतों में बढ़ोतरी तो बस शुरुआत है। यह तो ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि नीति की कमी के कारण हालात और खराब हो सकते हैं। बढ़ती महंगाई, फ्यूल संकट और सप्लाई सिस्टम में रुकावट के कारण आम नागरिक और किसान बहुत परेशान हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

