एफडीए की मिलावटखोरों के खिलाफ मुहिम
मुंबई, 28 मई (हि.स.)। खाद्य व औषधि प्रशासन (एफडीए) ने मिलावटखोरों और गुटखा विक्रेताओं के खिलाफ राज्य भर में अभियान शुरू किया है। यह विशेष मुहिम 25 सितंबर तक चलाई जाएगी। इस बीच एफडीए अधिकारियों ने छापेमारी करके 33 आरोपियों को गिरफ्तार और 27 जगहों को सील किया है।
एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने चेतावनी दी है कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मुहिम में गुटखा, पान मसाला और दूसरी प्रतिबंधित वस्तुओं की जांच की जा रही है। लाखों रुपये के प्रतिबंधित सामान जब्त किए गए हैं। एफडीए की ओर से गुरुवार को दी गई जानकारी के अनुसार आयुक्त मुंढे के निर्देश पर पूरे राज्य में मुहिम चलाई जा रही है. राज्य में बुधवार से यह विशेष मुहिम शुरू हो गई है। मुंबई कोंकण, पुणे, नासिक, अमरावती, नागपुर और छत्रपति संभाजीनगर विभाग में खाद्य पदार्थो में मिलावट करने वालों, गुटखा, पान मसाला की अवैध सामानों की बिक्री करने वालों की जांच की जा रही है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में छापेमारी की गई है। गुटखा, पान मसाला, पीने का पानी, भोजन, दूध, मिठाई, आइसक्रीम, मसाले, फरसाण, मावा, पनीर, बेसन, दवा और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए जब्त किए गए हैं।
एफडीए के अनुसार 53 जगहों की जांच की गई, जिनमें से 34 जगहों पर प्रतिबंधित वस्तुएं बिकती पाई गईं। इस मामले में करीब 20,50,296 रुपये का सामान ज़ब्त किया गया। इसमें ग्रेटर मुंबई विभाग में 99 जगहों की जांच की गई और 29 जगहों को सील कर दिया गया। एफआईआर दर्ज करके 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया। एफडीए आयुक्त मुंढे ने केमिस्टों को पंजीकृत फार्मासिस्ट की मौजूदगी सुनिश्चित करने और दवाओं के रखरखाव से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

