एफडीए का 34 बेकरियों पर छापा, पांच के लाइसेंस निलंबित
मुंबई, 24 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र खाद्य व औषधि प्रशासन (एफडीए) ने मुंबई में बड़ी कार्रवाई की है। कुल 34 बेकरियों पर छापे मारे गए। इसमें से पांच प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तत्काल निलंबित कर दिए गए हैं। साथ ही चार को कारोबार बंद करने का नोटिस और 22 को सुधार नोटिस जारी किया गया है।
एफडीए की ओर से राज्यभर में नियमों का उन्नघंघन करने वालों के खिलाफ मुहिम चलाई जा रही है। राज्यभर में प्रतिबंधित और अन्य खाद्य पदार्थों सहित 4.05 लाख रुपए से अधिक का माल जब्त किया गया है। एफडीए के अनुसार मुंबई में कई बेकरियां बिना वैध पंजीकरण, खराब स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और लाइसेंस की शर्तों का पालन किए बिना संचालित होती मिलीं। कार्रवाई के दौरान 3 मामलों में स्पॉट पेनाल्टी भी की गई। दूसरी तरफ एफडीए ने प्रतिबंधित पान मसाला-गुटखा मामले में एक एफआईआर दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और प्रतिबंधित उत्पाद भी जब्त किए।
नवी मुंबई (महापे) में 798 किलो फ्लैक्स सीड्स का 87,780 रुपए का स्टॉक जब्त किया गया है। अमरावती में गलत लेबल वाले 210 किलो टोस्ट का 22,990 रुपए का स्टॉक जब्त किया गया है। पुणे में संदिग्ध निकृष्ट व मिसब्रांडेड 1.14 लाख रुपए कीमत का 1,688.55 किलो गुड़ जब्त किया गया है। कोल्हापुर में बिना लेबल और बिना लाइसेंस रखे 4,480 किलो गुड़ व चीनी का 1.79 लाख रुपए का स्टॉक जब्त किया है। इसी तरह सांगली में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर एक होटल का लाइसेंस तत्काल निलंबित किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

